इटावा। मौसम में तेजी से हो रहे उतार-चढ़ाव के बाद वायरल बुखार के साथ खांसी व जुकाम व बदन दर्द के मरीजों की संख्या बढ़ी है। दो दिन के बुखार के बाद मरीजों में बदन दर्द की अधिक शिकायत मिल रही है। डॉक्टर जांच के बाद मरीजों को दवा के खान-पान में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
सोमवार संयुक्त जिला अस्पताल में सुबह से दोपहर एक बजे तक मरीज आते रहे। पंजीकरण काउंटर पर मरीजों की भीड़ लगी रही। इस दौरान 1487 नए मरीजों ने पंजीकरण कराया जबकि 190 मरीज पुराने पर्चे पर दवा लेने पहुंचे। वायरल बुखार, खांसी, जुकाम, बदन दर्द आदि से संबंधित 452 मरीजों ने पर्चा बनाया। ओपीडी में सबसे अधिक भीड़ फिजीशियन कक्ष व बाल रोग विशेषज्ञ कक्ष के बाहर लगी रही। डॉक्टर ने मरीजों की जांच करने के बाद अधिकतर मरीजों की खून की जांच लिखी। फिजीशियन डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि पिछले सप्ताह मौसम में गिरावट के बाद एकदम से तापमान में बढ़ोतरी होने से अधिकतर मरीज वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। इसमें दो से तीन दिन में बुखार सही हो जा रहा है। इसके बाद मरीजों में बदन दर्द की अधिक शिकायत आ रही है। जांच के बाद उन्हें दवाइयां दी जा रही है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. पीके यादव ने बताया के बदलते मौसम में सबसे अधिक नवजात से लेकर आठ साल तक के बच्चे बुखार, खांसी व जुकाम से पीड़ित हैं।