पैथोलॉजी सेंटर का निरीक्षण करते एसएमओ डा. ज्ञानेंद्र कुमार यादव।
- फोटो : अमर उजाला
मरीजों के साथ खिलवाड़ कर रहे नगर के पैथोलॉजी सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग ने शिकंजा कसा है। शुक्रवार को सीएमओ के निर्देश पर वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डा. ज्ञानेंद्र कुमार यादव ने लाइनपार स्थित पैथोलॉजी सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। जिसमें दो पैथोलॉजी सेंटर बगैर रजिस्ट्रेशन चलते मिले। जिस पर कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद करवा दिया गया।
गर्मी के प्रकोप को देखते हुए मरीजों की भरमार है। ऐसे में पैथोलॉजी सेंटरों पर भी मरीजों की भीड़ दिख रही है। शहर में संचालित कई पैथोलॉजी सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग के मानक दरकिनार किए जा रहे हैं। इसके चलते शुक्रवार को एसएमओ डा. ज्ञानेंद्र कुमार यादव ने लाइनपार क्षेत्र स्थित पैथोलॉजी सेंटरों को चेक किया। विजयनगर भरथना रोड स्थित शिवा पैथोलॉजी सेंटर की डीएम से शिकायत की गई थी कि इस सेंटर पर अवैध रूप से ब्लड ट्रांसफ्यूजन हो रहा है।
डीएम ने सीएमओ को इस पैथोलॉजी सेंटर का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के निर्देश दिए थे। चेकिंग के दौरान शिवा पैथोलॉजी संचालित मिली। जिस पर एमएमओ डा. यादव ने कार्रवाई करते हुए तत्काल उक्त पैथोलॉजी सेंटर को बंद करवाया। इसी तरह अशोक नगर चौराहा स्थित एकता पैथोलॉजी बगैर रजिस्ट्रेशन संचालित मिली। डा. यादव ने बताया कि एकता पैथोलॉजी के पंजीकरण की वैधता समाप्त हो चुकी है। जिस पर तत्काल उसे बंद करवाया गया। उन्होंने कहा कि उक्त दो के अलावा अन्य पैथोलॉजी सेंटरों के संचालन में कोई अनियमितता नहीं मिली।