जसवंतनगर। ग्राम जनकपुर निवासी हत्या के प्रयास में वांछित आरोपी के गांव में पुलिस ने शनिवार देर शाम को मुनादी कराई। उसके घर में नोटिस चस्पा किया। उपनिरीक्षक सुदेश कुमार ने बताया लगभग तीन माह से अभियुक्त सुंदर पाल उर्फ बाबा शिवलेरी पुत्र पेशगार सिंह फरार चल रहा है। 30 दिन के अंदर कोर्ट में आत्मसमर्पण या गिरफ्तारी नहीं होती है तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। सुंदर ने बीते 11 अक्तूबर को गांव के नकुल कुमार पुत्र होतीलाल को गोली मार दी थी। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी के खिलाफ हत्या प्रयास व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। शनिवार देर शाम गांव में ढोल नगाड़े के साथ मुनादी करा उसके घर में नोटिस चस्पा किए। (संवाद)