इटावा। अब रामलाल के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं को जल्द ही जिले से सीधी रोडवेज बस मिलेगी। शासन की ओर से जिले को पांच नई बसें दी गई हैं। इन बसों को अयोध्या, ग्वालियर और गोरखपुर रूट पर चलाने की तैयारी है। सोमवार से यह बस सेवाएं शुरू हो सकती हैं।
अयोध्या में राम मंदिर बनने के बाद से जिले से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन करने का मन बनाते हैं। इनमें से युवा तो मशक्कत करके दर्शन कर आते हैं, लेकिन उम्रदराज लोगों और परिवार के साथ जाने वाले लोगों को बड़ी समस्या होती है। इस रूट पर सीधी सिर्फ एक ही ट्रेन फरक्का एक्सप्रेस होने से उसमें सीट नहीं मिल पाती है। रोडवेज सेवा भी सीधी न होने की वजह से लोग जा नहीं पाते हैं। इसे देखते हुए रोडवेज इस रूट पर लंबे समय से बस चलाने की योजना बना रहा था, लेकिन बसों की संख्या कम होने की वजह से व्यवस्था नहीं हो पा रही थी।
गुरुवार को जिले को पांच नई बसें मिलने के बाद इस रूट पर बस चलना लगभग तय हो गया है। सभी पांचों बसें अयोध्या के साथ ही ग्वालियर और गोरखपुर के लिए चलाने की योजना है। एआरएम डीएम सक्सेना ने बताया कि इटावा डिपो से अभी ग्वालियर के लिए कोई बस नहीं चल रही है,।लिहाजा एक बस ग्वालियर, एक अयोध्या व तीन बस गोरखपुर तक चलाए जाने की योजना बनाई है। अगस्त महीने से लेकर अब तक इटावा डिपो को 12 बसें मिल चुकी हैं। बताया कि मियाद पूरी कर चुकीं 14 बसों के नीलामी का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है।
सात महीने में 12 बसें मिलीं
जिले को सात महीने में कुल 12 नई बसें मिली हैं। अगस्त में सात बस मिलने के बाद लंबे समय से कुछ और बसें मिलने का इंतजार था। करीब 83 बसों वाले इटावा डिपो में दिसंबर 2022 तक खटारा बसों की संख्या करीब 27 थी। हालांकि इनमें से करीब 13 बसों की नीलामी प्रक्रिया करा दी गई। अब 14 खटारा बसें बचीं हैं। इनके भी नीलामी प्रक्रिया कराने के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है।