अवैध रूप से असलहा बनाकर बेचने वाले मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लाइसेंसी बंदूक भी बरामद हुई। जो उसके गिरफ्तार हो चुके साथी के नाम है।
थाना क्षेत्र के नगलातार गांव के पास पुलिस ने 15 जुलाई को पूर्व एक ट्यूबवेल के पास से अवैध रूप से असलहा फैक्टरी चलने का भंडाफोड़ किया था।
मौके से पुलिस ने तमंचा बनाने वाले खेड़ापति मोहल्ले के कुलदीप पाल को गिरफ्तार किया था। अवैध असलहा को बेचने का काम करने वाला उसका साथी नगला तार गांव निवासी कुलदीप राजपूत भाग गया था। उसे पुलिस ने रविवार सुबह बिरारी पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक मदन गोपाल गुप्ता ने बताया कि पुलिस लगातार फरार कुलदीप राजपूत की तलाश में दबिश दे रही थी।
रविवार को सूचना मिली कि कुलदीप राजपूत बिरारी पुल के पास सर्विस रोड पर कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। इस पर उन्होंने उप निरीक्षक बृजनंदन व पुलिस बल के साथ मौके पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। उसके पास से एक 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक व दो कारतूस बरामद हुए हैं।
कुलदीप ने पुलिस पूछताछ में बताया कि लाइसेंसी बंदूक को वह दबिश के दौरान कुलदीप पाल के कहने पर लेकर भाग गया था।
उसने बताया कि वह अवैध असलहों को कई जगहों पर ले जाकर बेच देता था। थाना प्रभारी ने कहा कि बरामद बंदूक का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए पहले ही जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है।
पुलिस ने थाने की टॉप टेन सूची के बदमाश को लूट की योजना बनाते गिरफ्तार किया है। उसके पास से चाकू बरामद हुआ है।
उस पर लूट, आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। उप निरीक्षक सुमेश चंद्र ने बताया कि रविवार की तड़के मिली सूचना पर नगला खादर गांव निवासी टॉप टेन व वांछित महेंद्र को चितभवन नहर पुल के पास से पकड़ा है। वह लूट की योजना बनाने के लिए खड़ा था। संवाद