सैफई महोत्सव के तहत मंगलवार को साइकिल मैराथन में जीत का सेहरा मेरठ के परीक्षित शर्मा के सिर बंधा। करीब डेढ़ हजार प्रतिभागियों ने इस रेस में हिस्सा लिया। खुद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने करीब दस किमी साइकिल चलाकर प्रतिभागियों की हौसलाफजाई की। इससे पहले लॉयन सफारी गेट से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
26 किमी दूरी की इस मैराथन रेस के द्वितीय व तृतीय विजेता फैजाबाद के कुलवीर और भूपेंदर रहे। लखनऊ के स्वप्निल मिश्रा को चौथा स्थान मिला। इन सभी विजेताओं को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पुरस्कार राशि का चेक दिया।
साइकिल मैराथन की शुरुआत लॉयन सफारी गेट से हुई। मंगलवार को मौसम का मिजाज भी साथ देता रहा। इससे प्रतिभागियों को राहत रही। यहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल मैराथन को रवाना किया। सेंटमैरी स्कूल के सामने से उन्होंने खुद साइकिल चलानी शुरू कर दी।
तकरीबन दस किमी तक वह साइकिल चलाते हुए प्रतिभागियों की हौसलाफजाई करते रहे। प्रतियोगिता में कुल 1700 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इसमें 1500 ने हिस्सा लिया। साइकिल मैराथन के दौरान इटावा से सैफई तक के मार्ग को आम वाहनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था।
अंतत: मेरठ जिला के कंचनपुर घोपला गांव के परीक्षित शर्मा प्रतियोगिता के विजेता बने। परीक्षित ने करीब 32 मिनट में मैराथन रेस पूरी की। पहले चार स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के समय में कोई आधा से डेढ़ मिनट का अंतर रहा। दूसरे नंबर पर तोगपुर शहादतगंज फैजाबाद के कुलवीर यादव, तीसरे पर ग्राम मिरजापुर पोस्ट मुमताजनगर के भूपेंदर मौर्या और चौथे नंबर पर लखनऊ के स्वपिभनल मिश्रा रहे।
स्वप्निल मिश्रा गत वर्ष इसी साइकिल मैराथन के विजेता रहे थे। प्रतियोगिता सैफई के अमिताभ बच्चन इंटर कालेज में समाप्त हुई। समापन समारोह चंदगीराम स्टेडियम में हुआ। यहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चौथे स्थान पर रहे प्रतिभागियों को क्रमश: एक लाख रुपये, 50 हजार रुपये, 30 हजार रुपये और 20 हजार रुपये का इनाम देकर पुरस्कृत किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने साइकिल मैराथन में शामिल रहे मैनपुरी दन्नाहार के निशक्त बॉबी यादव को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। मुख्यमंत्री के हाथों से दो साधु वेशधारी और सिर पर मटकी रखे युवक को भी नकद पुरस्कार मिला। 500 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के तौर 11-11 सौ रुपये प्रदान किए गए।
प्रतिभागियों के जोश को देखकर सीएम ने साइकिल मैराथन के संयोजक मोहम्मद मंसूर को बाकी सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत करने को कहा। दूर दराज से आए प्रतिभागी पुरस्कार पाकर खासे उत्साहित दिखे। इन सभी को मुख्यमंत्री के जाने के बाद पुरस्कार राशि के लिफाफे प्रदान किए गए।
साइकिल मैराथन के दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रो. राम गोपाल यादव इटावा से सैफई तक प्रतिभागियों के पीछे अपनी गाड़ी से चलते रहे। समापन अवसर पर पीडब्ल्यूडी मंत्री शिवपाल सिंह यादव, महामंडलेश्वर कैलाशानंद ने सभी विजेता प्रतिभागियों और इसमें हिस्सा लेने वालों की हौसलाफजाई की।
कार्यक्रम में सांसद धर्मेंद्र यादव, तेज प्रताप सिंह यादव, रघुराज सिंह शाक्य, प्रदीप यादव, अशोक यादव, आशीष राजपूत, कुलदीप गुप्ता संटू, जैनुलआबदीन, रिजवान अहमद, गोपाल यादव, सुरेंद्र माधव, प्रेम नागर, खन्ना यादव आदि मौजूद रहे।