निवाड़ीकला। यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों के नंबर बढ़वाने या पास करवाने का फोन आए तो अभिभावक सावधान रहें। इस तरह की शिकायतें आने पर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने ये एडवाइजरी जारी की है।
यूपी बोर्ड की काॅपियों का मूल्यांकन समाप्त हो चुका है। इसके बाद से छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के पास ऐसे फोन आने शुरू हो गए कि धनराशि खाते में भेजने से उनके बच्चे को किसी विषय में अच्छे नंबर दिलवा देंगे। पास करवा देंगे।
कई मामले ऐसे भी सुनने में आए जहां कहा गया कि अच्छे अंक बनाने के लिए कुछ धनराशि खाते में भेजनी होगी। इसे संज्ञान में लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के सचिव दिव्यकांत शुक्ला ने गुरुवार को एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया कि साइबर ठगों से सावधान रहें। अभिवावक किसी प्रलोभन में न फंसें।