फोटो संख्या 01 वार्ता करते प्रसपा जिलाध्यक्ष सुनील यादव, पूर्व विधायक रघुराज सिंह शाक्य आदि
- फोटो : ETAWHA
इटावा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया पंचायत चुनाव के लिए भी तैयारियों में जुटने लगी है। पार्टी 24 दिसंबर से लेकर 23 जनवरी तक तीन चरणों में गांव-गांव पद यात्रा निकालेगी। इसके लिए जिले में ब्लॉक स्तर पर कमेटियां बना दी गईं हैं। पार्टी जिला पंचायत अध्यक्ष, क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव पूरी दमदारी के साथ लड़ेगी। यह बात जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने मंगलवार को चौगुर्जी स्थित पार्टी कार्यालय में वार्ता के दौरान कही।
पहला चरण 24 से 29 दिसंबर तक, दूसरा 5 से 10 जनवरी तक तथा तीसरा चरण 17 से 23 जनवरी तक होगा। प्रत्येक टीम में 5-5 कार्यकर्ता शामिल रहेंगे। यात्रा के दौरान कार्यकर्ता गांवों में पहुंचकर प्रसपा की नीतियों और पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव का संदेश पहुंचाएंगे। साथ ही केंद्र की किसान विरोधी सरकार के क्रियाकलापों के बारे में बताएंगे।
उन्होंने बताया कि पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव दमदारी से लड़ेगी और सत्ता में आने के बाद बेरोजगारी भत्ता देने के अलावा योग्य युवकों को नौकरी दी जाएगी। वार्ता के दौरान पूर्व विधायक रघुराज सिंह शाक्य, प्रसपा जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, केके यादव, अनवार हुसैन, आशीष पटेल आदि मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती पर पार्टी कार्यालय में 23 दिसंबर की सुबह विचार गोष्ठी होगी। इसके बाद हेवरा डिग्री कॉलेज में 11 बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन आयोजित होगा। यहां मुख्य अतिथि शिवपाल सिंह यादव होंगे। कवि सम्मेलन में अनामिका अंबर, योगिता चौहान, रोहित चौधरी, डॉ. गौरी मिश्रा, अना देहलवी, सौरभ सुमन, सतीश मधुप, डॉ. राजीव राज, रौनक इटावी, दिनेश रघुवंशी, मयंक विधौलिया आदि कवि अपनी रचनाएं सुनाएंगे।