महेवा। ब्लॉक क्षेत्र की बीहड़ी ग्राम पंचायत अंदावा के नौगवां घाट पर पीपा का पुल हटने के बाद नाव का संचालन वन विभाग व सेंचुरी विभाग ने बंद करा दिया गया था। ग्रामीणों की शिकायत पर क्षेत्रीय विधायक सावित्री कठेरिया ने डीएफओ से बात करके 27 जुलाई को नाव का संचालन शुरू करा दिया था, लेकिन एक सप्ताह बाद 31 जुलाई को वन विभाग के दरोगा ने घाट पर पहुंचकर नाव को फिर खूंटे से बंधवा दिया।
नाव संचालक मिट्ठूलाल ने बताया कि विधायक सावित्री कठेरिया ने 27 जुलाई को गांव आकर नाव चालू करवाई थी। इसके दो दिन बाद ही आकर वन दरोगा रोहित कुमार ने नाव का संचालन फिर बंद करा दिया। मिट्ठू लाल ने शनिवार को विधायक आवास पर जाकर एक प्रार्थना पत्र भी दिया है। विधायक सावित्री कठेरिया ने कहा कि वह डीएम से बात करके शीघ्र ही समस्या का समाधान कराएंगी। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी लखना विवेकानंद दुबे ने बताया कि नाव का संचालन उनके कार्य क्षेत्र में नहीं है। यह सेंचुरी क्षेत्र का मामला है। सेंचुरी क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी हरकिशोर शुक्ला ने बताया कि बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति के नाव का संचालन नहीं होगा।