इटावा। आजादी का अमृत महोत्सव हर घर तिरंगा फहराने के अभियान की तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों ने घर-घर फहराने के लिए 1 लाख 10 हजार झंडे बनाकर तैयार कर लिए हैं। झंडे विभागों को दिए जाएंगे।
उपायुक्त स्वत: रोजगार ब्रजमोहन अम्बेड ने बताया कि जिले में साढ़े तीन लाख तिरंगे फहराने का लक्ष्य है। एक लाख झंडे राज्य सरकार की एमएसएमई संस्था से आने हैं और ढाई लाख स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे हैं। 1 लाख 10 हजार झंडे बनाने का काम महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपा गया। समूहों ने झंडे तैयार कर लिए हैं। 31 जुलाई तक विभागों को समूहों से झंडे लेने थे लेकिन अभी तक सीएमओ और नगर पालिका परिषद ने ही आपूर्ति मांगी है। बाकी विभाग अपने स्तर से झंडे तैयार करा रहे हैं। इस कारण स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं परेशान हैं। उनका कहना है कि झंडों उनसे नहीं लिए गए तो बहुत नुकसान होगा। अंबेड ने कहा कि समूहों से झंडे लेने के लिए सभी विभागों से संपर्क किया जा रहा है।