भरथना। कस्बे में गुरुवार रात कूलर की चपेट में आकर महज एक वर्ष के अबोध बालक की मौत हो गई। घटना रात्रि तीन बजे के बाद तब घटी जब परिजन रो रहे बालक को दूध पिलाकर सुलाने के बाद गहरी नींद में सो रहे थे। इसी बीच बच्चा किसी प्रकार चारपाई से नीचे गिर गया और कूलर के करंट से जान गंवा बैठा।
बृजराज नगर निवासी आबिद के परिवार में शुक्रवार की भोर होते ही उस समय कोहराम मच गया जब घर में रखे कूलर के करंट की चपेट में आने से उनके एक वर्षीय पुत्र असद की मौके पर ही मौत हो गई। आबिद ने बताया कि गुरुवार रात को तीन बजे करीब चारपाई पर लेटे एक वर्षीय पुत्र असद के रोने पर पत्नी ने दूध पिलाकर सुला दिया था।
पुत्र के सोने के बाद हम लोग भी सो गए। इसी दौरान असद चारपाई से गिरकर पास ही रखे कूलर के पास पहुंच गया। इसी दौरान कूलर के उतरे करंट की चपेट में आकर बच्चे की मौत हो गई। सुबह जागने पर पुत्र असद के पैर कूलर से चिपके देख आनन-फानन में प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आबिद ने बताया कि वह फल बेचकर परिवार का भरण पोषण करता है। उसका एक पांच वर्षीय पुत्र रिहान भी है। छोटे पुत्र असद की असमय मौत से पूरा परिवार गमगीन है। घटना से मृतक की मां नसीम बेगम सहित अन्य महिला परिजन रोती बिलखती रहीं।