संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। साइबर ठग ने युवक के मोबाइल पर लिंक भेजकर खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित के मोबाइल पर रुपये निकलने का मैसेज आया तो इस घटना की जानकारी हो पाई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर साइबर ठगों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर के नौरंगाबाद निवासी एडवोकेट अजीत सिंह यादव ने कोतवाली पुलिस को बताया कि उनके बेटे प्रिंस कुमार के मोबाइल पर 29 जनवरी 2023 की शाम 6:20 पर मैसेज आया। प्रिंस ने लिंक को खोला तो उसके खाते से एक लाख रुपये उड़ गए। उन्होंने टोल फ्री नंबर पर तत्काल पुलिस को सूचना दी,और नेशनल साइबर सेल को भी ऑनलाइन सूचना दी।
उन्होंने बताया कि उनके बेटे ने कोई ट्रांजेक्शन नहीं किया है। बल्कि किसी साइबर अपराधी ने उनके बेटे के मोबाइल को हैक कर खाते से रुपये ट्रान्सफर कर लिये। 30 जनवरी 2023 को उन्होंने अपने बेटे के साथ सेंट्रल बैंक आफ इंडिया व साइबर सेल और एसएसपी को लिखित सूचना दी थी। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को ठगी और साइब क्राइम की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।