प्रदर्शनी पंडाल में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्री सम्मेलन को संबोधित करते सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने गुरुवार को नुमाइश पंडाल में सम्मेलन कर अपनी ताकत दिखाई। सदर विधायक एवं सपा नेताओं के बीच आंगनबाड़ी वेलफेयर एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष सीमा शुक्ला ने एलान किया कि यदि सरकार ने उनकी मांगें न मानी तो अब संघर्ष के सिवा कोई रास्ता नहीं है। कार्यकत्रियों की मांग है कि उन्हें नियमित किया जाए। बाद में मुख्यमंत्री एवं बाल विकास मंत्री भारत सरकार को संबोधित ज्ञापन एसडीएम जसवंतनगर हंसराज यादव को दिया गया। कार्यकत्रियों से 11 जुुलाई को होने वाले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की गई।
नुमाइश पंडाल में जिले भर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एकत्रित हुई। यहां पहुंचे सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार जनहित के काम कर रही है। जिससे हर वर्ग को लाभ मिल रहा है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की जो मांगें हैं, उसको लेकर वह पूरा सहयोग प्रदान करेंगे। एसडीएम जसवंतनगर श्री यादव ने कहा कि वह कार्यकत्रियों के दायित्व से वाकिफ हैं। उनकी मांग शासन तक पहुंचाई जाएगी। प्रदेश संरक्षक कृष्ण गोपाल यादव ने कहा कि जब तक एकजुट होकर संघर्ष नहीं करेंगे। तब तक सफलता में संदेह बना रहता है।
इसलिए हर एक कार्यकत्री को संघर्ष के लिए तैयार रहना चाहिए। जिलाध्यक्ष संगीता यादव ने संगठन को और मजबूती प्रदान कर एकजुट होने का आह्वान किया। जिला मंत्री अनीता दुबे ने सरकार पर उपेक्षा करने का आरोप लगाया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्र ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री विभिन्न दायित्वों का बखूबी निर्वहन करती हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्री को राज्यकर्मी घोषित किया जाए।
अमेठी से आईं आशा बौद्ध ने कहा कि सरकार के स्तर से अब तक कोरे आश्वासन मिले हैं। इसलिए सिर्फ संघर्ष ही एक मात्र रास्ता बचता है। संचालन संयुक्त परिषद के जिलामंत्री प्रदीप सक्सेना व चंद्रशेखर शुक्ला ने किया। इस मौके पर सपा नेता कृष्ण मुरारी गुप्ता, आदित्य गोविंद, विकास गुप्ता, कर्मचारी नेता अशोक द्विवेदी, उर्मिला मिश्रा लखनऊ, मो. आरिफ, सुधा भदौरिया, प्रतिभा दुबे, सीमा यादव, कुसुमलता बघेल, रामदास तिवारी, कृष्णा यादव ने संबोधित किया।