सदर कोतवाली क्षेत्र के मेवाती टोला में सोमवार को घर में घुसकर वृद्धा की हत्या करने के आरोपी अंकित उर्फ काला को मंगलवार की रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया। बाकी तीन आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
मेवाती टोली निवासी सर्वेश की मां मुन्नी देवी ने सोमवार को होली पर घर के बाहर चार युवकों को हुड़दंग करने से मना किया था। इस पर आरोपियों ने उनके साथ बदसलूकी की थी। शोर सुनकर मुन्नी के परिवार के लोग घर के बाहर आ गए थे। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों का समझौता करा दिया था।
पुलिस ने नशेबाजों पर कार्रवाई नहीं की थी। थोड़ी देर बाद चारों आरोपी मुन्नी देवी के घर में घुस गए थे। इसके बाद मुन्नी की लात-घूंसों से पिटाई कर दी थी।
पिटाई के दौरान मुन्नी का सिर दीवार से टकरा गया था। सिर पर आई गंभीर चोट से उनकी मौत हो गई थी। थाना प्रभारी वचन सिंह सिरोही ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मुन्नी की हेड इंजरी (सिर पर आई चोट) से मौत की पुष्टि हुई है। मामले में मेवाती टोला के अंकित उर्फ काला को गिरफ्तार किया गया है। अंकित ने ही वृद्धा को पीटा था। बाकी आरोपी उसके सहयोगी थे।
मुन्नी देवी, अंकित व उसके साथियों के बीच हुए झगड़े के बाद मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों में समझौता कराने वाले पुलिसकर्मियों पर गाज गिरना तय है। एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने इस मामले की जांच सीओ सिटी राजीव प्रताप सिंह को सौंपी है। एसएसपी का मानना है कि नशे में धुत आरोपियों पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर देती तो मुन्नी देवी की हत्या नहीं होती। बकौल एसएसपी सीओ सिटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।