जिला पुस्तकालय समिति की बैठक में भाग लेते डीएम नितिन बंसल।
- फोटो : अमर उजाला
पठन पाठन के शौकीन अब रविवार को भी जिला पुस्तकालय में ज्ञानवर्धन कर सकेंगे। डीएम डा. नितिन बंसल ने राजकीय पुस्तकालय को रविवार के दिन भी खोलने के निर्देश दिए हैं।
जिला स्तरीय पुस्तकालय समिति की बैठक में पुस्तकालय की उपयोगिता बढ़ाने के संदर्भ में चर्चा की गई। डीएम ने कहा कि राजकीय जिला पुस्तकालय को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए सुविधाएं और पंजीकरण बढ़ाना जरूरी है।
उन्होंने पुस्तकालय अध्यक्ष को निर्देश दिए कि वह संपर्क कर सभी जिला स्तरीय सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को पुस्तकालय का सदस्य बनाएं। इसके लिए उनके स्तर से भी पत्राचार कराएं। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय आने वाले पाठकों को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराएं। बैठक में सदस्यता शुल्क 50 से बढ़ाकर 100 रुपये किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। डीएम ने निर्देश दिए कि पुस्तकालय गर्मियों में सुबह 8 से 11 बजे तक और शाम 4 से 8 बजे तक और सर्दियों में 8 से 11 बजे और शाम 3 से 7 बजे तक खोला जाए। बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष कुलदीप गुप्ता, सीडीओ पीके श्रीवास्तव, डीआईओएस देवेंद्र प्रकाश, पुस्तकालय प्रभारी केकेडीसी रतन कुमारी, पेंशनर एसोसिएशन अध्यक्ष कृपा शंकर शर्मा मौजूद रहे।