भिंड-इटावा रेल लाइन पर पहली यात्री ट्रेन चलाने क ी नई तारीख की घोषणा एक बार फिर से कर दी गई है। इसके तहत 27 फरवरी को भिंड रेलवे स्टेशन से कोटा पैसेंजर को इटावा जाने के लिए हरी झंडी दिखाई जाएगी।
मध्य प्रदेश के भाजपा नेताओं के मुताबिक ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के साथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे और कोटा पैसेंजर को झंडी दिखाकर इटावा के लिए रवाना करेंगे।
हालांकि अभी इस कार्यक्रम की पुष्टि रेल महकमे के किसी अफसर ने नहीं की है। मालूम हो कि इसके पहले 20 फरवरी को ट्रेन का संचालन शुरू होना था, जो किसी वजह से टल गया था। भिंड-इटावा रेल लाइन पर यात्री ट्रेन के शुभारंभ कार्यक्रम की घोषणा भिंड के भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह ने की है।
उनके अनुसार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 27 फरवरी को ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम में शामिल होने की स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही इस कार्यक्रम में केंद्रीय इस्पात मंत्री नरेंद्र तोमर व रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा भी शामिल होंगे।
भाजपा सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद ने भी इस कार्यक्रम की पुष्टि की है। हालांकि अभी तक किसी भी रेल अधिकारी ने इस कार्यक्रम की पुष्टि नहीं की है। पर जानकारी मिली है कि अंदर ही अंदर कार्यक्रम की सारी तैयारी पूरी कर ली गई।
आज कल में ही इटावा व भिंड रेलवे स्टेशन के इलाहाबाद मंडल और झांसी मंडल के बड़े रेल अधिकारियों के निरीक्षण दौरे की भी संभावना बनी हुई हैं। बताया जा रहा है कि जीएम इलाहाबाद मंडल अरुण सक्सेना भी शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे और इटावा स्टेशन पर भी पहुंचेंगे।
बुधवार को स्टेशन पर चल रहे रंग रोगन का कार्य तेज कर दिया गया और अधिकारियों ने ठेकेदार को कार्य शुक्रवार तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।