जसवंतनगर। ब्लॉक जसवंतनगर की वर्ष 2018 से 2021 तक ग्राम पंचायत निधि से व्यय की गई धनराशि के ऑडिट में लापरवाही बरतने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह ने 46 ग्राम पंचायतों के प्रधानों और सचिवों को नोटिस जारी कर शीघ्र ऑडिट कराने के निर्देश दिए हैं।
ब्लॉक की इन सभी ग्राम पंचायतों ने निर्धारित नियमों के अनुसार व्यय का ऑडिट नहीं कराया गया है, जो वित्तीय नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है। नोटिस में चेतावनी दी गई है कि यदि पंचायतें जल्द से जल्द अपना ऑडिट नहीं कराती हैं तो व्यय की गई धनराशि को गबन मानते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही, उक्त धनराशि की वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी।
एडीओ पंचायत देवेंद्र सिंह ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों को नोटिस जारी किया गया है, उनमें अंडावली, दोदुआ गोपालपुर, नगला सलहदी, धरबार, बलरई, नसीरपुर, मोहब्बतपुर, जसोहन, भीखनपुर सहित 46 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।