इटावा। सोमवार से छह निकायों के अध्यक्ष और सभासद पद के लिए दावेदार नामांकन करेंगे। इसके लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। डीएम ने रविवार को अधिसूचना जारी करके निकाय चुनाव की पूरी प्रक्रिया और व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया।
जिले में तीन नगर पालिका और तीन नगर पंचायत समेत छह निकायों में चुनाव दूसरे चरण में 11 मई को मतदान होना है। इसके लिए सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 24 अप्रैल तक सुबह 11 बजे से तीन बजे तक कलक्ट्रेट, जसवंतनगर और भरथना तहसील में प्रत्याशी नामांकन कर सकते हैं।
रविवार सुबह डीएम अवनीश राय ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नियमानुसार निष्पक्ष चुनाव कराया जाएगा। 17 से 24 अप्रैल तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन किया जा सकता है। 25 को पत्रों की जांच 11 बजे से की जाएगी। नाम वापसी 27 को की जाएगी। 28 को आवंटन प्रक्रिया होगी। 11 को सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा ओर 13 मई को सुबह आठ बजे से वोटों की गिनती शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों से आग्रह है कि वह ज्यादा से ज्यादा वोटिंग करके अपने जनप्रतिनिध चुनें।
अध्यक्षों के नामांकन के लिए यह रहेगी व्यवस्था
नगर पालिका इटावा में अध्यक्ष पद के दावेदार कलक्ट्रेट स्थित न्यायालय कक्ष अपर जिलाधिकारी में नामांकन करेंगे। वहीं इकदिल नगर पंचायत के दावेदार कलक्ट्रेट स्थित न्यायालय कक्ष एसडीएम सदर के यहां नामांकन कर सकते हैं। जसवंतनगर के आवेदक जसवंतनगर तहसील में न्यायालय कक्ष एसडीएम के कक्ष में नामांकन करेंगे। लखना के न्यायालय कक्ष नायब तहसीलदार, भरथना और बकेवर के दावेदार कार्यालय राजस्व निरीक्षक क्षेत्र बकेवर तहसील भरथना के कक्ष में आवेदन करेंगे।
वार्ड सभासदों के लिए यह रहेगी व्यवस्था
नगरपालिका इटावा के वार्ड एक से पांच तक से सभासद के लिए न्यायालय कक्ष अतिरिक्त मजिस्ट्रेट इटावा में आवेदन किया जाएगा। वार्ड छह से 10 तक न्यायालय कक्ष बंदोबस्त अधिकारी इटावा में आवेदन करना होगा। वार्ड 11 से 15 तक न्यायालय कक्ष सिटी मजिस्ट्रेट, 16 से 20 कार्यालय जिलापूर्ति अधिकारी, वार्ड 21 से 25 कार्यालय बचत अधिकारी, 26 से 30 कार्यालय जिला प्रबोशन अधिकारी, 31 से 35 अतिथि गृह कक्ष एक में आवेदन करेंगे। 36 से 40 वार्ड तक के आवेदक अतिथि गृह के कक्ष दो में आवेदन करेंगे। जसवंतनगर नगर पालिका के वार्ड 1 से 5 तक जसवतंतनगर तहसील के न्यायालय कक्ष तहसीलदार, छह से 10 तक न्यायालय कक्ष तहसीलदार, वार्ड 11 से 15 मीटिंग हॉल, तहसील, वार्ड 16 से 20 मीटिंग हॉल तहसील, वार्ड 21 से 25 मीटिंग हॉल तहसील परिसर में आवेदन करेंगे।
यहां से रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां
नगर पालिका इटावा, इकदिल की पोलिंग पार्टियां राजकीय इंटर कॉलेज इटावा से रवाना होंगी। दोनों निकायों का स्ट्रांग रूम भी यहीं बनेगा। वोटों की गिनती भी 13 मई को यहीं की जाएगी। भरथना नगर पालिका, बकेवर और लखना नगर पंचायत की पोलिंग पार्टियां एसएबी इंटर कॉलेज भरथना से रवाना होंगी। यहीं पर वोटों की गिनती भी की जाएगी। जसवंतनगर पालिका परिषद की पोलिंग पार्टियां जीजीआईसी से रवाना होंगी।
150 इंस्पेक्टर, 350 सिपाहियों की निगरानी में होगा चुनाव
एसएसपी ने बताया कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। त्रिस्तरीय सुरक्षा का खाका तैयार किया गया है। इसके लिए 150 इंस्पेक्टर, 350 सिपाही और दो बटालियन फोर्स लगाया जाएगा। मतदान के दिन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर क्यूआरटी के जवान भी निगरानी करेंगे।
आवेदक के साथ दो लोग जा सकेंगे
नामांकन कराने वालों को वाहन अंबेडकर चौराहे और दूसरी ओर डीएम चौराहे पर पास लगी बैरिकेडिंग के पास ही खड़े करने होंगे। यहां से वह कक्ष तक पैदल जाएंगे। आवेदक के साथ सिर्फ दो ही लोग अंदर जा सकेंगे। एडीएम जय प्रकाश ने बताया कि किसी अन्य वार्ड से आवेदन करने के लिए संबंधित व्यक्ति तहसील में जाकर मतदाता सूची प्रमाणित करा ले। इसके बाद ही वह आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए तीनों तहसीलों में अधिकारी नामित किए गए हैं।
जसवंतनगर और भरथना में परखी व्यवस्था
जसवंतनगर/ भरथना। अधिकारियों ने जसवंतनर और भरथना तहसील में नामांकन की तैयारियां परखीं। रविवार को भरथना तहसीलदार अशोक कुमार सिंह,नायब तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ, सीओ विवेक जावला व कोतवाल रण बहादुर सिंह ने निरीक्षण किया। बताया कि सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। (संवाद)