इटावा। शनिवार दोपहर ग्वालियर हाईवे स्थित यमुना पुल से हेमलता (23) यमुना में कूद गई थी। उसकी तलाश एसडीआरएफ टीम ने कई किलोमीटर तक रविवार को की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
महिला की पहचान भिंड जिले के थाना उमरी क्षेत्र के ग्राम कंडेलपुरा लहरौली निवासी शेर सिंह उर्फ छोटे की पत्नी 23 वर्षीय हेमलता के रूप में हुई थी। यमुना पुल पर उसका मोबाइल फोन और शॉल बरामद हुआ था, जिससे उसकी पहचान संभव हो सकी। रविवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने मोटर बोट की मदद से यमुना नदी में विभिन्न बिंदुओं पर तलाशी अभियान शुरू किया।
नदी के किनारों, घाटों और संभावित बहाव क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। स्थानीय गोताखोरों से भी संपर्क साधा गया। पुलिस ने आसपास के गांवों और घाटों पर रहने वाले लोगों से पूछताछ कर किसी भी संदिग्ध जानकारी को साझा करने की अपील की है। महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और मायके पक्ष के लोग लगातार पुल व नदी किनारे डटे हुए हैं।
परिजनों के अनुसार, हेमलता पिछले कुछ महीनों से मायके में रह रही थी। वह अपने पति द्वारा लगातार तलाक की मांग किए जाने से मानसिक तनाव में थी। महिला ने आखिरी बार अपने पति को फोन किया था। हेमलता की मां सुनीता देवी ने बताया कि दामाद द्वारा तलाक मांगने के कारण ही हेमलता ने यह कदम उठाया। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया कि शनिवार को एसडीआरएफ की टीम ने इकदिल क्षेत्र तक महिला की तलाश की थी, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया और सोमवार को भी तलाश जारी रहेगी।