बसरेहर। अमृतपुर गांव में तीन घरों में हुई चोरी के मामले में 48 घंटे बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है।
शुक्रवार रात चोरों ने अमृतपुर गांव में सिपाही योगेश कुमार के घर को निशाना बनाया था। यहां से चोर हजारों का माल समेट ले गए थे। इसके बाद पड़ोस में रहने वाले योगेश के चाचा अशोक के घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवर और नकदी चुरा ले गए थे। रितेश के घर से 50 हजार रुपये और जेवर चुराए थे। पुलिस ने पीड़ितों की ओर से तहरीर देने के 48 घंटे बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
रितेश यादव की मां रमाकांति ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को शनिवार सुबह आठ बजे ही दे दी थी लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। अशोक ने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें ही गलत ठहरा रही है। उसकी मंशा ठीक नहीं लग रही है।
सीओ नागेंद्र चौबे ने बताया कि थानाध्यक्ष से बात करके उन्हें रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए कहा जाएगा।