मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बेरोजगार युवाओं से कहा कि सरकारी नौकरी पाने के लिए सिफारिश की बजाय पढ़ाई पर ध्यान दें । उन्होंने कहा कि नौकरियों में भर्ती पूरी पारदर्शिता से हो रही है। युवा मेहनत करेंगे तो बिना सिफारिश के ही नौकरी पा लेंगे।
शनिवार को रक्षाबंधन का त्योहार मनाने सपरिवार सैफई पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़ी संख्या में इस बार सरकारी नौकरियां निकली हैं और आगे भी निकलेंगी। लायन सफारी में शावकों की मौत पर कहा कि लापरवाही करने वाले दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सैफई में साढ़े तीन घंटे के प्रवास के दौरान लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में उन्होंने दो घंटे तक जनता दरबार लगाकर लोगों की शिकायतें सुनीं। जनता दरबार में आए फरियादियों में आधे से ज्यादा वे युवा थे, जिन्होंने प्रदेश सरकार की नौकरियों के लिए आवेदन किया है।
कई युवाओं से तो मुख्यमंत्री ने टेस्ट की तैयारियों के बाबत पूछा। उन्होंने पूछा किस किस ने टाइपिस्ट के लिए आवेदन किया है, तो एक-दो हाथ ही उठे। उन्होंने इन अभ्यर्थियों से टाइपिंग स्पीड बढ़ाने की प्रैक्टिस जोरदार तरीके से करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं और कार्यकर्ताओं को साइकिल रैली सफल बनाने के लिए बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को हमारी पार्टी के पदाधिकारी ही नहीं जानते हैं तो फिर आम जनता को उनका लाभ कैसे मिलेगा।
माउंटआबू से आईं ब्रह्मकुमारी बहन के अलावा दर्जनों महिलाओं ने सभागार में मुख्यमंत्री को राखी बांधी। औरैया के लहरापुर के पास से आई 62 वर्षीय विकलांग महिला ने पेंशन और आवास न मिलने की शिकायत सीएम से की तो उन्होंने दोनों चीजें शीघ्र दिलाने के अफसरों को निर्देश दिए।
इस मौके पर सांसद बदायूं धर्मेंद्र यादव, सैफई विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रामनरेश यादव, वेदव्रत गुप्ता, प्रधान संघ के मंडलीय अध्यक्ष चंदगीराम यादव, रवींद्र श्रीवास्तव गुड्डू, प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य गोपाल यादव आदि मौजूद रहे।