तेज हवा और बारिश से गुरुवार रात पूरा शहर अंधेरे में डूब गया। जगह-जगह हुए विद्युत फाल्टों को ठीक करने में विभाग शुक्रवार सुबह से दोपहर तक जूझता रहा।
रात को जब बारिश हल्की पड़ी और शहर की सप्लाई खोली गई तो ट्रिपिंग शुरू हो गई और कई जगह पर फाल्ट हो गए। लगातार पानी गिरने से सुबह लाइनों को ठीक करने का काम शुरू नहीं हो सका। विद्युत कर्मियों ने दोपहर बाद शहर की विद्युत व्यवस्था को बहाल किया। अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम आर के ग्रोवर ने बताया कि बारिश जारी रहने से मरम्मत कार्य देर से शुरू हो सका।
उधर बकेवर क्षेत्र में 24 घंटे में मात्र 3 घंटे ही बिजली मिली। दो फीडर पर आपूर्ति अभी भी ठप है। शुक्रवार दोपहर एक बजे फाल्ट ठीक होने के बाद बकेवर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति चालू हो सकी। बिजली घर के दो फीडरों पाटिया फीडर से काटकर नए बने लुधियानी फीडर पर हर्राजपुर के पास एक पोल टूटने से और महेवा फीडर पर फाल्ट न मिलने से बिजली आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। महेवा फीडर पर लाइनमैन फाल्ट ढूंढ़ने में जुटा रहा। बकेवर लखना क्षेत्र में शुक्रवार शाम तक आपूर्ति चालू हो पाई।