इटावा/ सैफई। आयुर्विज्ञान विवि में एक डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी कोविड नियम दरकिनार हैं। शुक्रवार को मरीज और तीमारदारों के साथ ही स्टाफ भी बिना मास्क के नजर आया।
प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना के मरीजों को देखते हुए सरकार ने सभी अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ को मास्क लगाकर मरीजों को देखने के आदेश दिए हैं। मरीज और उनके तीमारदारों को भी कोविड मानकों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा है। गुरुवार रात आई रिपोर्ट में विवि के दो लोग आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित मिले थे। इसके बाद भी मेडिकल कॉलेज में सतर्कता नहीं बरती जा रही।
शुक्रवार को इमरजेंसी में करीब डेढ़ हजार मरीज आए। सुरक्षा में तैनात गार्डों से लेकर ड्यूटी पर तैनात कई स्वास्थ्य कर्मी मास्क नहीं लगाए थे। ट्रामा सेंटर में आयुष्मान काउंटर पर भी यही तस्वीर नजर आई। 50 बेड का कोविड वार्ड जरूर तैयार किया गया है।
संपर्क में रहे लोगों की कर रहे तलाश
विश्वविद्यालय के चिकित्साधीक्षक प्रो. एसपी सिंह ने बताया कि गुरुवार को आरटीपीसीआर जांच में लैब टेक्नीशियन व डॉक्टर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्हें होम आईसोलेट कर दिया गया है। उनके संपर्क में रहे लोगों की तलाश की जा रही है। विश्वविद्यालय स्टाफ के लिए मास्क व ग्ल्वस अनिवार्य कर दिए गए हैं। अब कोई भी मरीज अथवा तीमारदार बिना मास्क के नहीं आ सकेगा।
कोविड कंट्रोल रूम बनाया
स्वास्थ्य विभाग ने कंट्रोल रूम बना दिया है। इसमें दो बेसिक फोन और दो मोबाइल नंबर के अलावा एक व्हाट्सएप नंबर जारी किए हैं। कंट्रोल रूम के प्रभारी व डिप्टी सीएमओ डॉ. श्रीनिवास यादव ने बताया कि लोग इन नंबरों पर कोरोना से संबंधित जानकारी दे सकते हैं।
फोन नंबर 05688259697
फोन नंबर 05688258500
मोबाइल नंबर 9045253394
मोबाइल नंबर 7310995962
टीमें कर रहीं कोरोना जांच
कोविड के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. बीएल संजय ने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस अड्डे सहित जनपद में ब्लॉक स्तर पर 25 टीमें एंटीजन जांच कर रही हैं। रोजाना करीब 500 से अधिक सैंपल लिए जा रहे हैं। जिला अस्पताल में आरटीपीसीआर जांच हो रही है। सैंपल जांच के लिए सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजे जा रहे हैं।