फोटो संख्या 29 मृतक रीता की फाइल फोटो
- फोटो : ETAWHA
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम नगला चक से नौ दिन पूर्व लापता हुई एक 23 वर्षीय युवती का कंकाल शनिवार को गांव के पास ही बाजरे के खेत में पड़ा मिला।
घास काटने गए ग्रामीणों को बदबू लगी और देखा तो कंकाल पड़ा था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसके कपड़े व चप्पलें देखकर शव की शिनाख्त की।
युवती की हत्या कर शव को खेत मे फेंकने की आशंका जताई गई है। मौके पर पहुंचे सीओ जसवंतनगर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
नगला चक के राजीव कुमार पुत्र कुंवरपाल जाटव ने बताया कि उसकी बहन 23 वर्षीय रीता 19 सितंबर को सुबह 11 बजे घर से निकली थी। वह सिलाई सीखने के लिए गांव के ही भारत सिंह के यहां गई थी और देर शाम तक नहीं आई तो उसको हर जगह ढूंढा, लेकिन नहीं मिली।
22 सितंबर को थाना जसवंतनगर में गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे गांव के लोग घास लेने के लिए बाजरे के खेत के नजदीक पहुंचे तो वहां से बदबू आई।
इसकी जानकारी गांव में पहुंचाई तो राजीव भी वहां पहुंचे और कपड़ों व वहीं पड़ी चप्पलों को देखकर रीता की शिनाख्त की। पुलिस को सूचना दी तो एसआई कासिम हनीफ पहुंचे।
सीओ जसवंतनगर रमेशचंद्र ने परिजनों से इसकी जानकारी ली। प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर शव को फेंकने का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के दो बड़े भाई व दो बड़ी बहनें हैं।