नगला राधे कुनैठी गांव में एक नव विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति ने रविवार सुबह उसे बाथरूम के अंदर बेहोश पड़ा देखा।
जिला अस्पताल लाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। मायके वालों ने पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी।
जसवंतनगर थाना क्षेत्र के जलपोखरा गांव निवासी रेनू (21) की चार महीने पूर्व ही भरथना क्षेत्र के नगला राधे कुनैठी गांव निवासी राजीव कुमार यादव उर्फ विपिन से शादी हुई थी।
दो मंजिला घर में राजेश व रेनू ऊपर की मंजिल और माता, पिता, भाई-भाभी नीचे रहते हैं। राजीव के चचेरे भाई बंटी ने बताया कि रविवार सुबह राजीव ने रेनू को बाथरूम में पड़ा हुआ देखा था।
शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं थे। रेनू को राजीव अपनी कार से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राजीव की सूचना पर मृतका के पिता अवधेश व मायका पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि नव विवाहिता की मौत की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
फिलहाल मायका पक्ष से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मृतका का पति चौपला गांव में जूता चप्पल की दुकान किए है।