इकदिल। कस्बा में नवविवाहिता की इलाज के दौरान मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कियाटा। मायके पक्ष ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराकर पोस्टमार्टम कराने की गुहार लगाई।
कस्बा के कुम्हारन मुहल्ला निवासी मोहित राजपूत की शादी लगभग छह माह पहले मोहल्ले की रहने वाली खुशी (18) पुत्री भगवानदास के साथ हुई थी। गुरुवार रात महिला की संदिग्ध हालात में सैफई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। शुक्रवार को शव के घर पहुंचते ही मायके पक्ष के लोगों ने हत्या करने का ससुराल पक्ष पर आरोप लगाकर हंगामा किया। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने पर मायके पक्ष ने डीएम को कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। खुशी के पिता ने आरोप लगाया कि पुत्री का गर्भपात कराने की वजह से उसकी हालत बिगड़ने पर सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि खुशी का पोस्टमार्टम हो गया है। रिपोर्ट में खून में संक्रमण होने के कारण मौत की पुष्टि हुई है।