सैफई महोत्सव पंडाल में आयोजित समारोह को संबोधित करते सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
- फोटो : अमर उजाला
सैफई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शिवपाल सिंह यादव का नाम लिए कहा कि कुछ लोग समाजवादी पार्टी का चुनाव निशान साइकिल फ्रीज करवाना चाहते थे। प्रो. रामगोपाल यादव की वजह से वे अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव हमसे (अखिलेश से)नाराज हैं, न कि प्रो. रामगोपाल यादव से। नेताजी प्रधानमंत्री से हमारी शिकायत करते हैं। वह हमसे नाराज हैं, इसकी जानकारी भी प्रधानमंत्री से ही मिली।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के 71वें जन्मदिन पर सैफई महोत्सव पंडाल में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग साजिश करके समाजवादी पार्टी को खत्म करना चाहते थे। प्रो. रामगोपाल यादव ने उनकी साजिशों को नाकाम कर दिया। अगर प्रोफेसर हमारे साथ नहीं होते तो साइकिल चुनाव निशान हमें नहीं मिलता। ऐसे में हम विधानसभा चुनाव कैसे लड़ते । जन्मदिन समारोह के आयोजकों ने नेताजी को भी आमंत्रित किया था, लेकिन वे नहीं आए। नेताजी अगर इस कार्यक्रम में आते तो यह समारोह और शानदार होता। उन्होंने कहा कि नेताजी साइकिल सो जिस ऊंचाई पर ले गए, हम सभी लोग मिलकर एक बार फिर उसे आगे बढ़ाएंगे।
मोदी ने नीदरलैंड में चलाई साइकिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर चुटकी लेते हुए कहा कि वैसे तो वह देश में योग करते हैं। नीदरलैंड में उन्होंने साइकिल चलाकर साबित कर दिया कि स्वास्थ्य के लिए साइकिल चलाना बहुत अच्छा होता है। हमने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले प्रधानमंत्री से कहा था कि वह पहले साइकिल चलाएं, फिर योग करें लेकिन उन्होंने हमारी बात नहीं मानी। नीदरलैंड के प्रधानमंत्री ने जब मोदी जी से साइकिल चलाने को कहा तो उन्होंने साइकिल चलाई। अखिलेश यादव ने कहा कि साइकिल हमेशा चलती रहेगी। साइकिल को आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता है।