फोटो संख्या 13 निवाड़ीकला-लुधियानी मार्ग पर पड़े पौधे
- फोटो : ETAWHA
वन महोत्सव सप्ताह के तहत रविवार को वृहद पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान ब्लॉक महेवा की 91 ग्राम पंचायतों में ग्राम विकास, राजस्व व पंचायती राज विभाग द्वारा दो लाख दो हजार, कृषि विभाग द्वारा 31474 व वन विभाग द्वारा 80 हजार पौधे लगाने के लिए दिए गए थे।
सरकारी आंकड़ों में ये पौधे लगाए जा चुके हैं, लेकिन करीब पांच सैकड़ा पौधे सोमवार को सड़क किनारे पड़े मिले।
पौधरोपण अभियान के अंतर्गत निवाड़ीकला को 2300 पौधे लगाने के लिए दिए गए थे। इनमें से पंचायत में कई जगह पौधे भी रोपित करवा दिए गए, लेकिन करीब पांच सौ पौधे सड़क किनारे पड़े सूख रहे हैं।
उच्चाधिकारी ब्लॉक क्षेत्रों में कराए जा रहे कार्यों को कर्मचारियों के जिम्मे छोड़कर उन पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इसकी हकीकत जानने के लिए पंचायत सचिव रामेंद्र कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आप कौन होते हैं जानकारी करने वाले।
इस संबंध में एडीओ पंचायत श्यामवरन ने कहा कि सचिव ने अगर अभद्रता की है तो उसकी लिखित शिकायत बीडीओ महेवा को सौंपे।
बीडीओ महेवा सतीश पांडे का कहना है कि पौधे लगाने के लिए दिए गए हैं न कि रखने के लिए। अगर सचिव ने अभद्रता की है तो यह गलत है इसकी जानकारी कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।