जसवंतनगर। नगर पालिका के सभासदों के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सपा राष्ट्रीय महासचिव विधायक शिवपाल सिंह यादव से मुलाकात की। मिलने पहुंचे सभासदों ने नगरपालिका की कार्यप्रणाली को भेदभावपूर्ण होने का आरोप लगाया। सभासदों ने कहा कि नपा के विकास कार्यों में भी अनियमितताओं का बोलबाला है।
सभासदों ने विधायक को बताया कि नगर पालिका में कई सभासदों की उपेक्षा की जा रही है और कई महत्वपूर्ण निर्णय बिना सभासदों की राय के लिए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चेयरमैन सभासदों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं जिससे जनता की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने कस्बे में सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार व विकास योजनाओं में पारदर्शिता तय करने की मांग की। विधायक शिवपाल सिंह यादव ने प्रतिनिधिमंडल को समस्याओं के समाधान के लिए पहल करने का भरोसा दिया। सभासदों के प्रतिनिधिमंडल में सभासद राजीव यादव, कमल प्रकाश पाल, जिला योजना समिति सदस्य देवेंद्र यादव, संजय कुमार, संजीव यादव, मोहम्मद इरफान, अंकित कुमार, प्रमोद कुमार आदि शामिल रहे।