सैफई में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की नातिन की शादी में राजनीतिक जमावड़ा होने जा रहा है। यूपी और बिहार के कई बड़े नेता इस शादी में शामिल होने आ रहे हैं। शनिवार को आसपास के क्षेत्र के लोगों को परंपरागत भोज कराया गया। शादी में शामिले होने के लिए अखिलेश यादव भी पहुंचे। इसके बाद वो समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और चाचा प्रोफेसर रामगोपाल यादव के आवास पर मिलने पहुंचे।
रविवार को शादी की मांगलकि रस्म होंगी। इसमें मुलायम सिंह यादव की नातिन दीपाली फिरोजाबाद जिले के रहने वाले अश्वनी के साथ सात फेरे लेंगी। शनिवार दोपहर बाद हवाई जहाज से मुलायम सिंह यादव को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सैफई हवाई पट्टी पर उतरे।
अखिलेश यादव की पत्नी पूर्व सांसद डिंपल यादव अपने बच्चों के साथ एक दिन पहले ही आ चुकी हैं। अब मुलायम सिंह यादव, पूर्व सीएम अखिलेश यादव, प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी सैफई पहुंच चुके हैं। सपा महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव भी शाम तक पहुंचेंगे।
दीपाली सैफई के पूर्व ब्लॉक प्रमुख स्वर्गीय रणवीर सिंह यादव की बेटी और पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव की बहन हैं। तेज प्रताप का विवाह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी से हुआ है। इस नाते बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव और तेज प्रताप के भी सैफई पहुंचने की संभावना है।