सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव 11 फरवरी को ताखा के एसएस मेमोरियल महाविद्यालय में शिवपाल सिंह यादव के समर्थन में जनसभा करेंगे। इस तरह तमाम अटकलों को विराम देकर मुलायम सिंह यादव ने साफ कर दिया कि वह समाजवादी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।
सपा मार्गदर्शक अपने अनुज शिवपाल सिंह यादव को जसवंतनगर से चुनाव जिताने के लिए एसएस मेमोरियल महाविद्यालय में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। पारिवारिक घमासान और समाजवादी पार्टी के बदलते परिदृश्य में सपा संरक्षक के रूप में इटावा जनपद में उनकी ये पहली जनसभा होगी।
सपा संरक्षक का ताखा से पुराना लगाव है। ताखा क्षेत्र पहले कन्नौज लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा रह चुका है। जब मुलायम सिंह यादव मैनपुरी से चुनाव लड़े तो ताखा मैनपुरी में जुड़ गया। इस क्षेत्र में एक लाख मतदाता हैं, जो चुनाव में निर्णायक की भूमिका निभाते हैं। ताखा से चुनाव के व्यवस्थापक कोमल सिंह यादव ने बताया कि मुलायम सिंह यादव 11 को दस बजे हेलीकाप्टर से पहुंचेंगे।