जसवंतनगर विकास खंड की ग्राम पंचायत मुहब्बतपुर जसोहन में शनिवार को
ग्राम पंचायत प्रधान व सदस्य के लिए मतदान हुआ था। इस ग्राम पंचायत से
चुनाव मैदान में 12 प्रत्याशी मैदान में थे। इनमें से सात प्रत्याशी करीब
आधा सैकड़ा महिला व पुरुषों के साथ रविवार सुबह दस बजे डीएम आवास पहुंचे।
उनका आरोप था कि ग्राम पंचायत 77 मुहब्बतपुर जसोहन विकासखंड जसवंतनगर के
बूथों पर अराजक तत्वों व विपक्षी मनोज कुमार ने जबरदस्ती धमकाकर फर्जी
तरीके से वोट डलवाए है। बूथ से हम प्रत्याशियों को मारपीटकर भगा दिया गया
और मनमाने तरीके से वोटों को लूटा है।
ग्रामवासी ग्रामपंचायत में दोबारा
मतदान कराए जाने की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों का यह भी आरोप था कि
उन्होंने दो दिसंबर को भी प्रार्थनापत्र देकर ग्राम पंचायत के बूथ को अति
संवेदनशील प्लस घोषित करने की मांग की थी, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई।
जब
ग्रामवासी डीएम के आवास के बाहर थे। उस समय डीएम नितिन बंसल व एसएसपी मंजिल
सैनी मुख्यमंत्री के प्रोटोकाल के तहत सैफई गए हुए थे। इस बीच सिविल लाइन
एसओ वहां पहुंचे तो महिला व पुरुषों ने उनकी जीप को रोक लिया।
हालांकि
मामला जसवंतनगर का होने के कारण एसओ उनकी बात सुनकर निकल गए। उसके तुरंत
बाद ही वहां से सिटी मजिस्ट्रेट गुजरे तो ग्रामीणों ने उन्हें भी रोक लिया
और अपनी समस्या बताई। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि कलेक्ट्रेट स्थित उनकी
कोर्ट में स्टेनो को प्रार्थना पत्र दे दें।
ग्रामीण कचहरी चले गए
मगर वह संतुष्ट नहीं हुए और कचहरी में मौजूद रहकर डीएम का इंतजार करते रहे।
इसी दौरान डीएम नितिन बंसल, एसएसपी मंजिल सैनी, एडीएम ईश्वरचंद्र स्थानीय
स्पोर्ट्स स्टेडियम में इटावा महोत्सव के तत्वावधान में आयोजित एडवेंचर
कैंप में पहुंच गए।
इसकी जानकारी ग्रामीणों को हो गई। करीब एक बजे ग्रामीण
स्पोर्ट्स स्टेडियम गेट पर पहुंच गए। डेढ़ बजे के करीब डीएम नितिन बंसल
अन्य अधिकारियों के साथ स्टेडियम से बाहर आए तो ग्रामीणों ने उनकी कार के
आगे खड़े होकर उन्हें रोक लिया। डीएम ने कार से उतरकर उनकी बात सुनी
प्रार्थनापत्र लेने के बाद कहा कि मुहब्बतपुर जसोहन में हुए मतदान की
रिपोर्ट मंगवाते हैं। रिपोर्ट को जांचने के बाद ही कोई कार्रवाई की जा
सकेगी।