सैफाई महोत्सव में बुधवार को आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता का डबल्स खिताब सांसद तेज प्रताप यादव और उनके जोड़ीदार रोहन वर्मा ने जीता। सिंगल्स का खिताब इलाहाबाद के स्पर्श श्रीवास्तव ने जीता। चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विजेताओं को पुरस्कृत किया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को पूरा दिन सैफई में बिताया। दोपहर बाद चंदगीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता को देखने पहुंचे। जूनियर वर्ग में नोएडा के सारस्वत विजेता और अनिरुद्ध शंकर उपविजेता रहे। जूनियर डबल्स के फाइनल में नोएडा के सारस्वत व अभिज्ञान की जोड़ी ने इटावा के पार्थसारथी व चिराग को हराया।
सीनियर वर्ग सिंगल्स के फाइनल में स्पर्श श्रीवास्तव इलाहाबाद ने इटावा के रोहन वर्मा को हराया। पुरुष डबल्स में सांसद तेजप्रताप यादव व रोहन वर्मा की जोड़ी ने इलाहाबाद के गौरव व बिलाल की जोड़ी को हराया। सैफई महोत्सव के प्रबंधक वेदव्रत गुप्ता व बैडमिंटन प्रतियोगिता के संयोजक लाल जी दुबे ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। निर्णायक अमीर एजाज, मनोज यादव, रत्नेश यादव को लाल जी दुबे ने सम्मानित किया।