इटावा। होली के त्योहार पर अगर आप यात्रा करने की तैयारी कर रहे हैं और अभी तक रिजर्वेशन नहीं कराया है तो ठहर जाइए। क्योंकि अगले एक हफ्ते तक कई ट्रेनों में नो रूम (कोई जगह नहीं) की स्थिति है। गोमती एक्सप्रेस में 28 तक सीटें फु ल हैं तो वहीं शताब्दी, मुरी एक्सप्रेस, नार्थ ईस्ट सहित कई अन्य ट्रेनों में भी अगले एक हफ्ते तक को जगह नहीं है। इन ट्रेनों में वेटिंग 100 से ऊपर चल रही है।
होली पर ट्रेनों और बसों में यात्रियों की भीड़ शुरू हो चुकी है। ऐसे में जहां ट्रेनों में जनरल के साथ स्लीपर कोचों में भी पैर रखने की जगह नहीं है वहीं बसें भी खचाखच भर कर चल रही हैं। इस समय सबसे ज्यादा मारामारी दिल्ली आने जाने वाली ट्रेनों और बसों में है। स्थिति यह है कि भीड़ के कारण उन यात्रियों को भी यात्रा के दौरान मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है जिनके रिजर्वेशन हैं। जनरल बोगियों में तो और भी बुरा हाल है। यात्री सामान रखने की रैकों तक में बैठकर जैसे-तैसे सफर कर रहे हैं। यही हाल रोडवेज व प्राईवेट बसों का है। दिल्ली से आने वाली बसें खचाखच भरी आ रही हैं। यह मारामारी एक दो दिन की नहीं अगले एक हफ्ते तक रहेगी।
होली के आसपास के दिनों में गोमती सहित कई ट्रेनों में नो रूम की स्थिति है। लोगों को रिजर्वेशन नहीं मिल पा रहे हैं। जहां डाउन गोमती एक्सप्रेस में 23 तारीख को नो रूम है तो वहीं अप गोमती एक्सप्रेस में 26,27,28 मार्च को सीटें फुल हैं। वहीं अप नार्थ ईस्ट में 27, अप मुरी एक्सप्रेस में 26 व 29, आम्रपाली एक्सप्रेस में 27 मार्च को नो रूम है।
डाउन गोमती एक्सप्रेस में 25 से 28 मार्च तक नो रूम, रिवर्स शताब्दी में 25 को 98, 26 को 167, 27 को 290 व 28 मार्च को 137 वेटिंग चल रही है। अप नार्थ ईस्ट में 26 को 75, 27 को नो रूम, 28 को 54 व 29 मार्च को 36 वेटिंग, अप मुरी एक्सप्रेस 26 को नो रूम, 27 को 100, 28 को 100 व 29 को नो रूम, अप जोधपुर हावड़ा 26 को 60, 27 को 73 व 28 को 39 वेटिंग, अप ऊंचाहार 26 को 118, 27 को 36, 28 को 54 व 29 को 44 वेटिंग, आम्रपाली 26 को 85, 27 को नो रूम, 28 को 53, फरक्का 26 को 86, 27 को 80 वेटिंग चल रही है।
होली से पहले अप महानन्दा के रद्द होने व कई ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण मंगलवार को यात्री परेशान रहे। होली पर घर पहुंचने की बेचैनी सभी के चेहरे पर नजर आ रही थी। मंगलवार को अप ट्रैक पर गोमती एक्सप्रेस 3 घंटे, मगध 9 घंटे, तूफान 4 घंटे, संगम 9 घंटे लेट रहीं। डाउन ट्रैक पर महानन्दा 2 घंटे, नीलांचल 3 घंटे, मुरी 2 घंटे व ओखा एक्सप्रेस 2 घंटे देर से आईं।