फैशन डिजाइनर से प्रधान बनी प्रियंका यादव ने गांव के विकास की अनोखी पहल शुरू की है। प्रधान बनते ही दो हजार मतदाताओं को बुलाकर गांव के विकास के लिए प्रस्ताव मांगे। उन्होंने कहा महिलाओं को स्वावलंबी बनाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वह पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने का पूरा प्रयास करेंगी।
सोमवार को सरसईनावर के हजारी महादेव मंदिर पर प्रियंका यादव ने दस हजार मतदाता वाली पंचायत से दो हजार से अधिक मतदाताओं को बुलाया। अपने पिता ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि जयराज सिंह यादव व ब्लाक प्रमुख सरोज यादव के साथ पहुंची प्रियंका ने सबसे पहले बुजुर्ग महिलाओं से समस्याएं पूछी तो ज्यादातर महिलाओं ने पेंशन न मिलने की बात कही।
उन्होंने सभी की समस्या को बारीकी से सुना। कहा कि सरसईनावर ग्राम पंचायत ताखा की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है, इस ग्राम पंचायत में दस हजार से अधिक मतदाता है। फिलहाल हमने दो हजार मतदाताओं को बुलाया है ताकि पहले इनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके।
इसके बाद दूसरी बार में फिर दो हजार मतदाताओं को बुलाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि जयराज सिंह यादव ने कहा उनकी बेटी फैशन डिजाइनर हैं, इसके बाद भी उसने पंचायत को आदर्श बनाने का बीड़ा उठाया है जिसमें वह हर कदम पर बेटी का साथ देंगे।