इटावा। 16 मार्च से होने जा रही बेसिक शिक्षा परिषद की वार्षिक परीक्षाओं का नजारा इस बार बदला नजर आएगा। माध्यमिक की तरह ही परिषदीय की परीक्षाओं की निगरानी सचल दल करेंगे। सचल दल में बीईओ के साथ ही जिला समन्वयक व एआरपी को शामिल किया गया है।
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने वार्षिक परीक्षाओं को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं। प्रश्नपत्र के रखरखाव के साथ ही परीक्षा की कड़ी निगरानी के निर्देश जारी किए गए हैं। सचिव ने पत्र में कहा है कि किसी भी छात्र का मूल्यांकन उसकी परीक्षा से ही होता है। छात्रों का सही मूल्यांकन तभी हो सकता है जब परीक्षाएं नकल विहीन हों।
उन्होंने बीएसए को भेजे पत्र में निर्देश दिए हैं कि परिषद की वार्षिक परीक्षाओं की निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की जाए। परीक्षा वाले दिन सभी अधिकारी लगातार भ्रमण पर रहकर परीक्षाओं की निगरानी करेंगे। बीएसए डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सचिव के निर्देश पर परीक्षाओं को नकल विहीन कराने का काम किया जाएगा। इसके लिए सभी प्रधानाध्यापकों व संकुल शिक्षकों को पहले ही निर्देशित किया जा चुका है। परीक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। (संवाद)