बैंक के अध्यक्ष एके सिन्हा जानकारी देते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
इटावा। पूर्वांचल बैंक ने मोबाइल बैंकिंग सेवा का शुरुआत कर दी है। बैंक के अध्यक्ष एके सिन्हा ने मोबाइल बैंकिंग, मिस्ड काल एलर्ट एवं ई कामर्स सुविधा का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस ग्राहक का उनके बैंक में नंबर फीड है वह घर बैठे अपने खाते की जानकारी ले सकता है।
उन्होंने बताया कि पूर्वांचल बैंक राष्ट्रीय बैंकों की कतार में शामिल हो गया है। इस वर्ष बैंक के सकल व्यवसाय में 2212 करोड़ की आशातीत वृद्धि हुई है जिससे हमारा व्यवसाय 15000 करोड़ के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गया है। शुद्ध लाख विगत वर्ष की तुलना में 32 करोड़ से बढ़कर 40 करोड़ पहुंच गया है। उन्होंने बताया के इटावा व औरैया जिले में हमारी बैंक की 52 शाखाएं है जो 11 सौ करोड़ से ऊपर के व्यवसाय के साथ काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि बैंक ने अपने ग्राहकों को तकनीकी सेवा देने मोबाइल बैंकिंग की शुरुआत की है। ग्राहक अपने खाते में अपना मोबाइल नंबर एड कराले और उससे वह अपने खाते के बारे में पूरी जानकारी कर सकते हैं। यदि ग्राहकों के पास एंड्राइड मोबाइल है तो गूगल प्ले स्टोर से पूर्वांचल बैंक मोबाइल बैंकिंग एप डाउन लोड करके तथा अपने मूल शाखा पर अपने मोबाइल नंबर को खाते से लिंक कराकर इस सुविधा से घर बैठे किसी भी बैंक खाते से धनराशि स्थानांतरित कर सकते हैं या किसी को भुगतान कर सकते हैं। उन्हाेंने बताया कि हमारे एटीएम कार्ड से किसी भी प्रकार की खरीददारी, बिल भुगतान, रेलवे, हवाई टिकट, रिजर्वेशन आदि आसानी से कराया जा सकता है। पूर्वांचल बैंक का केशलेश लेनदेन की ओर यह बड़ा कदम है। हमारी इटावा व औरैया की शाखाओं ने अच्छा प्रदर्शन किया है। इससे कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार वितरण एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर महा प्रबंधक ओपी सिंह क्षेत्रीय प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव के अलावा केके त्रिपाठी भी मौजूद रहे।