इटावा। बसपा के कानपुर और बुंदेलखंड के जोनल कोआर्डिनेटर व पूर्व एमएलसी नौशाद अली को गुरुवार को कार्यकर्ताओं के मुखर विरोध पर उल्टे पांव लौटना पड़ा। कार्यकर्ता इतने आक्रोशित थे कि उन्होंने गाड़ी में बैठे नौशाद अली से धक्का-मुक्की की और गाड़ी से बाहर खींचने की कोशिश की। एक स्थानीय बसपा नेता ने विरोधियों पर रिवाल्वर तान दी। इसके बाद सुरक्षा गार्ड ने उन्हें गाड़ी में सुरक्षित बैठाया। चाय पीने का कार्यक्रम निरस्त कर वह चले गए। हालांकि कुछ कार्यकर्ताओं ने बाइक दौड़ाकर उनका पीछा किया लेकिन गाड़ी तेज गति से निकल गई। बसपा नेता नौशाद अली ने कहा कि यह रोड होल्ड अप जैसी घटना है।
अनुशासनहीनता करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। बसपा नेता नौशाद अली गुरुवार को आगरा से इटावा आ रहे थे। इटावा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में प्रत्याशी रहे नरेंद्र नाथ चतुर्वेदी उर्फ बल्लू चौधरी के आवास शीला टाकीज पर उनका कुछ नेताओं के साथ चाय पीने का कार्यक्रम था। हालांकि विरोधी गुट के कार्यकर्ताओं का कहना है कि बसपा की समीक्षा बैठक बुलाई थी। इसमें सभी कार्यकर्ताओं को न बुलाकर सिर्फ चंद लोगों को बुलाया था।
इस पर आम कार्यकर्ताओं में नाराजगी थी। शीला टाकीज में बल्लू चौधरी, जिला अध्यक्ष उदयवीर सिंह समेत अन्य कार्यकर्ता नौशाद अली के इंतजार में ही बैठे रहे। उनको इसकी भनक तक नहीं लगी। करीब 11 बजे नौशाद अली की गाड़ी जैसे ही शीला टाकीज के बाहर सड़क पर आई। वहां मौजूद बसपा कार्यकर्ताओं ने मुर्दाबाद और वापस जाओ के नारे लगाने शुरू कर दिए। जैसे ही गाड़ी रुकी, आक्रोशित कार्यकर्ता हमलावर हो उठे। उन्होंने गेट खोलकर नौशाद अली के साथ धक्का-मुक्की एवं अभद्रता शुरू कर दी। उन्हें खींचकर कार से उतारना चाहा। इस पर एक स्थानीय बसपा नेता ने रिवाल्वर तानकर आक्रोशित कार्यकर्ताओं को धमकाया। तब तक सुरक्षा कर्मी ने भी बाहर निकलकर आ गए और कार्यकर्ताओं को कार के गेट से हटाया। इसके बाद नौशाद गाड़ी में बैठकर वहां से चले गए। गाड़ी पर कुछ कार्यकर्ताओं ने जूते भी फेेंके। उधर, शीला टाकीज में बैठे बसपा नेताओं को काफी देर बाद घटनाक्रम पता चला।
उधर नौशाद अली ने कहा कि कोई मीटिंग नहीं थी। आगरा से लौटते समय उन्हेें कुछ देर वहां रुकना था। इसलिए प्रमुख लोगों को बातचीत के लिए बुलाया था। वहां पर उनके साथ कुछ लोगों ने बदसलूकी की है। बदसलूकी करने वालों के बारे में जिला अध्यक्ष से पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उधर बसपा जिला अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने कहा कि कोई बैठक नहीं बुलाई गई थी। चंद लोगों ने अनुशासनहीनता की है। इस बारे में हाईकमान का संदेश मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।