खनन माफिया ने बुधवार को खनन अधिकारियों पर हमला बोल दिया। जिला खनन अधिकारी एवं सहित क्षेत्रीय खनन अधिकारी को पीटा। पथराव कर उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। भारी संख्या में फोर्स के मौके पर पहुंचने पर खनन माफिया भाग गए।
चंबल और यमुना नदी में हो रही अवैध खनन की लगातार मिल रही शिकायतों पर लखनऊ से क्षेत्रीय खनन अधिकारी मनोज कुमार सिंह इटावा पहुंचे। वह बुधवार सुबह डीएम से अनुमति लेने के बाद जिला खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह के साथ इटावा-ग्वालियर हाइवे पर बढ़पुरा थाने की उदी चौकी के पास चेकिंग कर रहे थे।
इस दौरान आए गिट्टी से ओवरलोड़ ट्रक को रोक कर चालक से पूछताछ की। चालक को ट्रक बढ़पुरा थाने ले जाने को कहा। तभी चालक ने ट्रक थाने के बजाय भिंड की ओर भगा दिया। अफसरों ने पीछा किया और उदी मोड़ चौराहा से आगे वाणिज्य कर विभाग के बैरियर पर रोक लिया।
इसी बीच वहां ट्रक मालिक अपने साथियों के साथ पहुंचा और अफसरों से भिड़ गया। अफसरों की ओर से कड़ी चेतावनी देने पर ट्रक मालिक ने मोबाइल काल कर अन्य साथियों को भी बुला लिया। कुछ ही देर में वाहनों में भर कर ट्रक मालिक के तमाम साथी मौके पर पहुंचे और दोनों अधिकारियों से भिड़ गए।
दोनों अफसरों को पीटने लगे। ाजिला खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह चुटहिल हो गए । अफसरों के कपड़े भी फट गए। हमलावरों का गुस्सा इतने से शांत नहीं हुआ तो उन्होंने पथराव कर हमलावरों की कार क्षतिग्रस्त कर दिया। अफसरों ने खुद पर हुए हमले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर एसडीएम सदर महेंद्र कुमार सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट अमित भट्ट, सीओ जसवंतनगर अनिल कुमार सिंह सहित बढ़पुरा व सिविल लाइन थाना का फोर्स मौके पर पहुंचा। पुलिस के आने की सूचना मिलने पर वहां से हमलावर फरार हो गए। इस मामले में क्षेत्रीय खनन अधिकारी एवं जिला खनन अधिकारी ने 30-40 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ बढ़पुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।