जिला पंचायत सभागार में बुधवार को हुई बोर्ड की बैठक में ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल संकट और जर्जर सड़कों के मुद्दे छाए रहे। जिला पंचायत सदस्यों ने अपने क्षेत्रों की कई खस्ताहाल सड़कें गिना डालीं। जिस पर सीडीओ पीके श्रीवास्तव ने सभी जनप्रतिनिधियों से जर्जर सड़कों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। जन समस्याओं को देखते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अंशुल यादव ने अधिकारियों को आगाह किया कि वह अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाएं।
बैठक में अपर मुख्य अधिकारी एसके वर्मा ने 15 जून तक सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के अलावा अनुरक्षण कार्य के लिए करीब 88 लाख की प्रस्तावित लागत वाली चिह्नित नौ सड़कों का जिक्र किया। सदस्यों से अपने क्षेत्र की सड़कों के प्रस्ताव रखने को कहा तो उन्हाेंने कई जर्जर सड़कें गिना दीं।
इसी तरह ग्रामीण पेयजल योजना को लेकर सदस्यों ने आवाज उठाई। महेवा के नगला खजुरिया में पेयजल किल्लत बताई गई। ताखा में कई टंकियों के शुरू न होने का मुद्दा उठा। इस पर जलनिगम ने कहा कि जो पेयजल योजनाएं ग्राम पंचायतों के अधीन हैं, उनकी मरम्मत ग्राम पंचायतों को ही करानी है। हालांकि उन्होंने इस्टीमेट बनवा दिए हैं। उन्होंने बताया कि 76 में से 60 पेयजल योजनाएं संचालित हैं। इस पर अध्यक्ष अंशुल यादव ने कहा कि लोगों को पेयजल किल्लत नहीं होनी चाहिए। सीडीओ ने कहा कि जलनिगम ही क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत कराएगा, लेकिन भुगतान ग्राम पंचायतें करेंगी।
बैठक में ताखा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना में सांठगांठ करने के आरोप भी लगे। सदस्य सुरेश चंद्र ने जब इसमें वसूली के आरोप लगाए तो सीडीओ ने उनसे इसकी लिखित शिकायत करने को कहा। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यादव ने एक्सईएन से विद्युतीकरण होने वाले मजराें की सूची उपलब्ध कराने को कहा। जिससे संबंधित सदस्य कार्य की मॉनीटरिंग कर सकें। इस दौरान भरथना विधायक सावित्री कठेरिया, सांसद प्रतिनिधि गोपाल मोहन शर्मा, ब्लाक प्रमुख हरिओम यादव, सीएमओ डा. राजीव कुमार यादव आदि अधिकारी मौजूद रहे।
ये रहीं जर्जर सड़कें
जिला पंचायत सदस्य अरविंद यादव ने नगला जेपी और कैस्त गांव से नटों की मड़ैया तक, महेवा के सोनू चौधरी ने महेवा चौराहे से जुड़ी सड़क और अहेरीपुर बस्ती की सड़कों पर गड्ढों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कुशगवां अहिरान से पेवली तक सड़क पर दो-दी फिट गड्ढे हैं। एक सदस्य ने कहा कि नगला गौर से नगला बीरबल तक गड्ढों में सड़क है। ताखा से सदस्य सुरेश चंद्र ने बताया कि आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे बनते समय डंपर निकलने से सैफई से उमरैन तक गांवों की सड़कें खराब हो गईं हैं। इसी तरह ताखा अस्पताल से औरैया सीमा तक सड़क जर्जर बताई गई। इस पर एएमए श्री वर्मा ने कहा कि इनमें कई सड़कें पीडब्ल्यूडी की हैं। तो सीडीओ बोले कि सभी सदस्य उन्हें सड़कें नोट करा दें। वह उनको ठीक कराने का प्रयास करेंगे।
गैरहाजिर ताखा बीडीओ पर कार्रवाई
बैठक में ताखा ब्लाक के बीडीओ के गैरहाजिर होने पर सदस्यों ने आपत्ति जताई। इस पर सीडीओ ने उनके खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि बीडीओ से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
गलत आंकड़े पर सीडीओ ने टोका
बैठक के एजेंडा में दर्शाया गया कि 5 ग्राम पंचायतों के प्राथमिक विद्यालयों में पेयजल सुविधा उपलब्ध नहीं है। इस पर सीडीओ ने जलनिगम एक्सईएन से जानकारी मांगी। एक्सईएन ने सभी जगह पेयजल सुविधा होने की बात कही। तब पता चला कि ये प्रस्ताव जसवंतनगर बीडीओ ने भेजा था। जिस पर इसे एजेंडा में अंकित किया गया। इसके बाद जब बीडीओ से उक्त 5 ग्राम पंचायतों के नाम पूछे गए तो उन्होंने सभी पंचायतों में पेयजल सुविधा की बात कही। इसे त्रुटिपूर्ण अंकन मानकर संशोधित करने की बात कही गई।