इटावा। जिलाधिकारी अवनीश राय ने विभिन्न विभागों के राजस्व कार्यों एवं कर करेत्तर की स्थिति को सुधारने के लिए विशेष जोर दिया गया। बैठक में ज्यादातर विभाग राजस्व वसूूली में फिसड्डी साबित हुए। जिला पूर्ति अधिकारी सीमा त्रिपाठी बैठक में नहीं पहुंचीं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
शुक्रवार को कर करेत्तर समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वाणिज्यकर विभाग का राजस्व वसूली में मंडल स्तर पर चतुर्थ स्थान होने पर नाराजगी व्यक्त की। सुधार लाने के निर्देश दिए। वाणिज्य स्टांप एवं निबंधन की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप वसूली न होने, आबकारी विभाग की समीक्षा में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति परिलक्षित न होने पर सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए। लक्ष्य के सापेक्ष वसूली न होने पर अधिशासी अभियंता विद्युत को विद्युत चोरी को रोकने के लिए अभियान चलाने तथा बकायेदारों को नोटिस देकर वसूली के निर्देश दिए। नगरीय निकाय की समीक्षा के दौरान नगर पालिका इटावा व भरथना की वसूली कम होने पर नाराजगी व्यक्त की। अधिशासी अधिकारी को नगर पालिका की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।