सिंचाई विभाग में आयोजित बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा करते प्रभारी मंत्री सूयप्रताप शाही व ?
- फोटो : ETAWHA
इटावा। रविवार को यहां पहुंचे प्रभारी एवं कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में जिले में लगे ट्यूबवेलों की स्थिति खराब पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल इन्हें ठीक कराकर उसकी सूचना 10 जुलाई तक उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि मनरेगा में प्रवासी मजदूरों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराए जाएं तथा जेसीबी मशीन का प्रयोग न किया जाए। इसके अलावा जिले में सैंपलिंग की संख्या बढ़ाए जाने के भी निर्देश दिए गए।
सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री शाही ने पाया कि जिले में 530 ट्यूबवेल स्थापित हैं। इसमें से 15 यांत्रिक दोष और आठ विद्युत दोष के कारण खराब हैं। खराब ट्यूबवेलों को दो दिन में ठीक कराए जाने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पाया कि जिले की 104 नहरें, 21 रजवाह में सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं है। इससे किसानों को काफी परेशानी हो रही है। सांसद ने अवगत कराया कि उनके गांव के पास बंबे की सफाई नहीं की गई जबकि बंबा का सफाई कार्य कराया जाना बताया गया है। इस पर जांच कराए जाने के निर्देश देते हुए संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मनरेगा की समीक्षा में पाया गया कि 12,510 श्रमिक कार्य कर रहे हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने मनरेगा में प्रवासी मजदूरों को अधिक से अधिक रोजगार दिए के निर्देश दिए। राशन वितरण की समीक्षा में पाया कि 83,867 यूनिटों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही 1085 प्रवासी मजदूरों के अस्थायी राशन कार्ड बनाए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि कोविड अस्पताल राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय कांधनी, विवेकानंद कॉलेज, नारायण कॉलेज एवं जसवंतनगर में स्थापित हैं। इसमें विवेकानंद कालेज एवं राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय में कोरोना के मरीज भर्ती हैं। घर-घर जाकर जांच करने के संबंध में बताया गया कि 604 टीमें लगाई गई हैं।
इस अवसर पर सांसद डा. राम शंकर कठेरिया, विधायक सदर सरिता भदौरिया, भरथना विधायक सावित्री कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय धाकरे, जिलाधिकारी जेबी सिंह, एसएसपी आकाश तोमर, सीडीओ राजा गणपति आर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
------------------------