इटावा। जनपद के गोवंशों को लंपी स्किन डिजीज से बचाने के लिए मलयेशिया की तर्ज पर इम्यूनवेल्ट बनाकर टीकाकरण करने का कार्य शुरू हो चुका है। इसके लिए प्रदेश के पांच जनपदों पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी और इटावा में यह कवायद की जा रही है। आगरा व फिरोजाबाद बॉर्डर के गांवों में करीब 25 हजार गोवंश का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. नीरज कुमार गौतम ने बताया जनपद में पांच ब्लॉक सैफई, जसवंतनगर, बढ़पुरा, बसरेहर और ताखा की 276 ग्राम पंचायतों के 56,972 गोवंशों का टीकाकरण किया जाएगा। टीका लगाने का कार्य गुरुवार से शुरू हो चुका है। यह 15 सितंबर तक किया जाएगा। इसके लिए 25 टीमें गठित की गईं हैं। इसमें एक डॉक्टर, पशुधन प्रसार अधिकारी के अलावा वैक्सीनेटर शामिल हैं।
जल्द छूटे ब्लॉक भी शामिल होंगे
सीवीओ डॉ.नीरज कुमार गौतम ने बताया कि जल्द ही अगले चरण में औरैया जनपद की सीमा से लगने वाले महेवा व भरथना ब्लॉक की पंचायतों में भी गोवंशों का टीकाकरण किया जाएगा। अब ऐसे में एक ब्लॉक चकरनगर रह जाता है। जिलाधिकारी ने चकरनगर के गोवंशों का टीकाकरण कराने के लिए शासन का पत्र लिखा है। उम्मीद है जल्द इसमें चकरनगर ब्लॉक को भी शामिल कर लिया जाएगा।
ये हैं लंपी स्किन डिजीज के लक्षण
डॉ.नीरज कुमार ने बताया लंपी स्किन डिजीज सिर्फ गोवंशों में फैल रही है। इसके लक्षण गोवंशों के शरीर में दाने निकलना, बुखार आना, लड़खड़ाना, आंख, मुंह और नाक से पानी आना है। हालांकि जनपद में गोवंश मृत्यु दर .8 प्रतिशत है। गोवंशों को बीमारी से बचाने के लिए 61 हजार वैक्सीन उपलब्ध है।