फोटो 10: मामा करन की फोटो। स्रोत परिजन
फोटो 11: भांजा अमित की फोटो। स्रोत परिजन
फोटो 12: यमुना नदी में बच्चों को तलाश करते गोताखोर व ग्रामीण। संवाद
फोटो 13: घटना के बाद रोते-बिखलते परिजन। संवाद
-मैनपुरी के मानिकपुर का रहने वाला अमित 15 दिन पहले आया था ननिहाल
-रविवार सुबह मामा-भांजे गांव के अन्य बच्चों के साथ गए थे नहाने
-सदर एसडीएम ने बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए कहा, एसडीआरएफ पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
उदी (इटावा)। थाना बढ़पुरा क्षेत्र के सुनवारा गांव में रविवार सुबह यमुना नदी में नहाने गए मामा-भांजे गहरे पानी में जाने से डूब गए। साथ नहा रहे बच्चों ने परिजन व ग्रामीणों की सूचना दी। एसडीएम ने गोताखोरों व एसडीआरएफ टीम की मदद से बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। देर शाम गोताखोरों ने मामा का शव तलाश लिया।
मैनपुरी निवासी अमित (15) पुत्र रामवीर निवासी मानिकपुर, थाना करहल, मैनपुरी 15 दिन पहले गर्मी की छुट्टियां बिताने मामा के घर सुनवारा गांव आया था। रविवार सुबह करीब 10 बजे अमित अपने मामा करन (13) पुत्र मुकेश निवासी सुनवारा व गांव के अन्य बच्चों के साथ यमुना नदी में नहाने गया था। नहाने के दौरान करन गहरे पानी में जाकर डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में साथ नहा रहा अमित भी गहरे पानी में चला गया और दोनों किशोर नदी में डूब गए। दोनों को डूबते देखकर साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया और भागकर परिजन समेत ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक दोनों नदी में लापता हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही सदर तहसीलदार राजकुमार, सदर एसडीएम विक्रम राघव ने तत्काल गोताखोरों की व्यवस्था कर दोनों किशोरों की तलाश शुरू कराई। गोताखोरों ने देर शाम करन का शव तलाश लिया है। भांजे अमित की तलाश जारी है। सदर एसडीएम विक्रम राघव ने बताया कि एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया है।