बसरेहर। विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया है।
चौबिया क्षेत्र के राहिन गांव निवासी पिंकी कुमारी (32) पत्नी राधा मोहन ने बुधवार सुबह घर के पीछे कमरे में अंगोछा से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्राम पंचायत प्रधान मनोज कुमार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं, महिला के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए। मृतका के पिता राममिलाप निवासी जिला फर्रुखाबाद ने आरोप लगाया कि उसने नौ साल पहले पिंकी की शादी राधा मोहन से की थी। ससुराली लगातार उसकी पुत्री को प्रताड़ित करते थे। कई बार रिश्तेदारों के बीच बैठकर समझौता भी कराया गया। लेकिन उसके बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ।
प्रताड़ना से तंग होकर पुत्री ने आत्महत्या की है। थाना प्रभारी मंसूर अहमद ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराली जनों के खिलाफ तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।