चौबिया थानाक्षेत्र अंतर्गत बख्तियारपुर गांव में आटा चक्की के संचालक पिंटू यादव पुत्र राजवीर सिंह ने विद्युत विभाग के एसडीओ व जेई पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा है। पुलिस पर पीटने के आरोप लगाए हैं। वहीं एसडीओ ने बिजली चोरी का मामला बताया है।
पिंटू का आरोप है उसने मीटर खराब होने की ऑनलाइन शिकायत की थी। आरोप है कि 29 दिसंबर को जांच करने विद्युत विभाग के एसडीओ गांव पहुंचे थे और ऑनलाइन शिकायत करने पर बदसलूकी की थी। पिंटू और एसडीओ में मारपीट हो गई थी। इसपर पिंटू पर बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ था।
शनिवार को पुलिस पिंटू के चचेरे भाई बीटू को उठा ले गई थी। आरोप है कि बीटू के पिता चौबिया थाने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें भी पीट दिया। जिससे वह बेहोश हो गए थे। पुलिसकर्मी उन्हें बसरेहर सीएचसी छोड़कर चले गए थे। रविवार को पिंटू ने आरोप लगाया कि शनिवार रात को ही आरोपी एसडीओ व जेई ने साथियों के साथ घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की थी।
चौबिया थानाध्यक्ष राजीव यादव ने बताया पुलिस किसी को पकड़कर नहीं लाई और ना ही कोई मामला है। पिंटू के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज है। बलवीर सिंह चौबिया थाने से हिस्ट्रीशीटर है। वह अपने बचाव के लिए झूठा आरोप लगा रहा है।
एसडीओ ने बताया कि पिंटू ने मीटर खराब होने की शिकायत की थी। जब वह पहुंचे तो वह चोरी से बिजली चक्की चला रहा था, जिसका वीडियो भी है। उपभोक्ता के परिजनों ने टीम पर पीछे से हमला किया था। घर में घुसकर मारपीट का आरोप गलत है।