फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आंधी ने उड़ाई पूरे जिले की बिजली

Fri, 03 Apr 2015 11:43 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुवार की आधी रात के बाद आई तेज आंधी ने पूरे जिले की बिजली उड़ा दी। कई जगह पेड़ तारों पर गिरे जिसकी वजह से साठ से अधिक पोल टूटकर धराशायी हो गए। इसके अलावा बड़ी संख्या में डिस्क इनसुलेटर डैमेज होने से बिजली विभाग को 15 लाख से अधिक का नुकसान हुआ है। ऐसे में जिले के सभी बिजली घरों में ब्रेक डाउन हो गया।
विज्ञापन


सुबह शुरू हुए मेंटीनेंस कार्य के बाद शहर की बिजली आपूर्ति तो बहाल कर दी गई, लेकिन करीब 100 गांवों में सप्लाई ठप है। शुक्रवार को अवकाश का दिन होने के कारण विभाग को मेंटीनेंस में काफी दिक्कत हुई।

गुरुवार की रात दो बजे अचानक हल्की बूंदाबांदी के  साथ तेज आंधी आ गई। इसके बाद पूरे जिले की बिजली ठप पड़ गई। शहरी क्षेत्र में कई जगह लाइन में फाल्ट हुए। डिस्क इनसुलेटर डैमेज होने से सप्लाई बाधित हुई। करीब आठ घंटे तक बिजली की सप्लाई ठप रही।
विज्ञापन


कालीवाहन मंदिर के पास ट्राली क्षतिग्रस्त होने, मैनपुरी सब स्टेशन के पास पेड़ की डाल लाइन पर गिरने तथा फ्रेंडस कालोनी के पास लाइन पर पेड़ गिरने से कंडक्टर और इनसुलेटर डैमेज हो गए। शुक्रवार की सुबह बिजली विभाग के अधिकारी सुधार कार्य में सक्रिय हो गए।

लाइन में फाल्ट खोजने के लिए मैदानी अमले को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। 33 केवीए की लाइन पर मेंटीनेंस का कार्य सुबह 9 बजे ही पूरा कर लिया गया था, लेकिन 11 केवीए की लाइन पर मरम्मत का कार्य दोपहर तक चलता रहा है।

उधर, डिवीजन-2 में आंधी से सबसे अधिक नुकसान हुआ। चारों सब डिवीजन में 60 से अधिक पोल गिरे हैं। लाइन टूटने, डिस्क इनसुलेटर डैमेज होने, ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचने से करीब 9 लाख से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। क्षेत्र बड़ा होने के कारण टीम को फाल्ट ढूंढने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कुछ गांवों की तो बिजली शुक्रवार को देर रात बहाल कर दी गई थी, लेकिन लगभग एक सैकड़ा गांवों की बिजली सप्लाई बाधित होने से अंधेरा पसरा हुआ है। सबसे अधिक नुकसान चकरनगर, उदी, ताखा, भरथना क्षेत्र में हुआ है। ग्रामीण क्षेत्र में 32 सबस्टेशनों पर ब्रेक डाउन की सूचना है। अवकाश होने के कारण अधिकारियों को मेंटीनेंस कार्य के लिए मशक्कत करनी पड़ी।

सुधार कार्य में जुटीं 20 टीमें
आंधी के बाद फाल्ट का पता लगाने और वास्तविक नुकसान का आकलन क रने के  लिए बिजली विभाग की 20 टीमों को मैदान में उतारा गया है। बीहड़ क्षेत्र में फाल्ट का पता लगाने में परेशानी हो रही है। पोल शिफ्ट करने के साथ डिस्क इनसुलेटर बदले जा रहे है। विभागीय अधिकारियाें का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र में आपूर्ति बहाल करने में एक दो दिन का समय लग सकता है।

आज सात मोहल्लों में गुल रहेगी बिजली
इटावा। सुंदरपुर विद्युत सब स्टेशन से जुड़े दो फीडरों के सात मोहल्लों में शनिवार को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। क्षेत्र के जेई दिनेश कुमार ने बताया कि 11 केवी के 8 नंबर फीडर और पंजाबी कालोनी फीडर से 100 केवीए के दो अतिरिक्त ट्रांसफार्मर रखवाए जाएंगे।

ताकि मौजूदा ट्रांसफार्मरों से लोड को कम किया जा सके। इस वजह से शनिवार 4 अप्रैल को कटरा फतेह महमूम खां, तकिया आजादगान, मकसूदपुरा, कटरा साहब खां, कटरा शमशेर खां, करमगंज और महेरा चुंगी मोहल्लों की बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।

पेड़ गिरने से बरेली मार्ग बाधित
गुरुवार रात ग्राम मोढ़ी निवासी शंकर सिंह बाग में बने कमरे के बाहर टीन के नीचे बरामदे में लेटे थे। आंधी से आम का पेड़ जड़ से उखड़ गया। पेड़ बरामदे में खड़े ट्रैक्टर पर गिरा। इससे ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। शंकर सिंह बालबाल बच गए। गांव में  रामेश्वर दयाल का नीम का पेड़ गिर पड़ा।

प्राथमिक स्कूल कुतुबपुर में खड़ा नीम का पेड़ भी गिर गया। नगर के पुराना भरथना में राजन की टीन उड़कर बगल के मकान पर गिरी। राकेश कठेरिया के मकान पर का छप्पर उड़ गया। पुराना भरथना के पीछे के ओर से निकली 11 हजार की विद्युत लाइन का तार टूट कर गिर पड़ा।

इससे नगर के आधे हिस्से में बिजली आपूर्ती बंद हो गई। एसडीओ वीके सिंह ने टूटे तारों को जुड़वाकर बिजली आपूर्ति चालू कराई। इसके अलावा शहर में भी कई स्थानों पर लोगों की टीन उड़ गई। दुकानों पर लगे बोर्ड भी उड़कर दूर गिरे। फसल को भी नुकसान पहुंचा है।

बसरेहर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के गांव रिटौली में आंधी के दौरान दीवार गिरने से सिंटू पुत्र भरासी, कप्तान पुत्र सोने लाल घायल हो गए। अकबरपुर में बिजली के सात पोल टूटकर गिर गए। बसरेहर ब्लाक के पास इटावा-बरेली मार्ग पर पेड़ टूटकर गिर पड़ा जिससे चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटवाकर रास्ता साफ करवाया।

जसवंतनगर क्षेत्र में भी आंधी से भारी नुकसान
गुरुवार की रात क्षेत्र में आई तेज आंधी ने काफी बर्बादी की। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ कर गिर गए। रेलवे क्रासिंग के पास खड़ा पुराना नीम का पेड़ भरभराकर गिर गया। कचौरा रोड पर नहर पुल के समीप एक ढाबे पर सीमेंट के पिलरों पर रखा छप्पर पिलर सहित धराशायी हो गया।

यहां बड़ा हादसा होते बचा। छप्पर के नीचे लोग आराम कर रहे थे। रायनगर के समीप चार पेड़ उखड़कर बिजली के पोल और तारों पर गिर गए। इससे दो पोल उखड़ गए। इसके बाद बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 13 घंटे तक क्षेत्र की बिजली बंद रहने के बाद दोपहर लगभग साढे़ 12 बजे आपूर्ति चालू हो सकी। अनेक स्थानों पर छतों पर पडे़ छप्पर व टीनें उड़कर दूर जा गिरीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें