वैदपुरा थाना क्षेत्र के गांव कोठी विचारपुरा में बुधवार की देर रात घर के
बाहर बैठे एक युवक को गोली मार दी गई। सिर में गोली लगने से युवक गंभीर रूप
से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के
बाद यहां से सैफई रेफर कर दिया गया।
बुधवार की रात करीब आठ बजे कोठी विचारपुरा गांव निवासी राजेंद्र सिंह का पुत्र प्रदीप जाटव (20) अपने दरवाजे पर बैठा था। इसी बीच वहां पहुंचे युवकों ने तमंचे से प्रदीप पर फायर कर दिया। गोली सिर में लगने से प्रदीप लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
इधर फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण दौड़े तो हमलावर तमंचा लहराते हुए भाग गए। लहूलुहान पड़े युवक को लेकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रिम्स के लिए रेफर कर दिया गया। मृतक की मां सहित अन्य परिजन हमले की वजह नहीं बता सके।
मां ने बताया कि गांव का एक युवक मारुति वैन से अपने साथियों के साथ उसके दरवाजे पर आया और दरवाजे पर बैठी प्रदीप की चाची के साथ हाथापाई करते हुए उन्हें कार में खींचने की कोशिश करने लगा। प्रदीप ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने तमंचा निकालकर प्रदीप को गोली मार दी।
मां ने बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। आखिर क्या वजह रही जो देवरानी के साथ हाथापाई करते हुए उसके बेटे को गोली मारी गई। युवक की गंभीर हालत को देखकर परिजनों का बुरा हाल था। वैदपुरा थानाध्यक्ष विकास राय ने बताया कि युवक को गोली मारी गई है। अभी तक परिजनों ने किसी के खिलाफ शिकायत नहीं की है।