सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चौगुर्जी के पास बेकाबू कार ने बाइक सवार एमआर को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने पथराव करके कार के शीशे तोड़ दिया। कार सवार मौका देखकर भाग निकले।
चौगुर्जी निवासी एमआर मनीष चतुर्वेदी (38) पुत्र हृदयराम बाइक से दवा की सप्लाई करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह पुराना हाइवे पर चौगुर्जी पुलिया पर पहुंचे तभी शास्त्री चौराहा की ओर से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
कार की टक्कर लगने से बाइक सवार मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। मोहल्ले के लोगों ने जब मनीष को घायल देखा तो उनका गुस्सा भड़क गया। एकजुट हुए लोगों ने कार के ऊपर पथराव करके उसके शीशे तोड़ दिए।
वहीं एक्सीडेंट के बाद कार चालक दोनों युवक मौके से फरार हो गए। क्षेत्रीय लोगों ने घायल एमआर को अस्पताल में भर्ती कराया तथा सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीमा विवाद में उलझ गई। पुलिस कर्मियों ने घटनास्थल कोतवाली का बता दिया और वहां से चलते हुए।
कोतवाली पुलिस ने भी अपने क्षेत्र में एक्सीडेंट होने से इंकार कर दिया। बाद में अफसरों के हस्तक्षेप पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर थाने में दाखिल किया। थानाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि कार का नंबर कानपुर नगर का है। नंबर के आधार पर कार मालिक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।