इटावा। शहर में वीआईपी रौब दिखाने के लिए विधायक का फर्जी पास और नीली-लाल बत्ती लगाकर भौकाल दिखाने वाले युवक की कार का यातायात पुलिस ने 20 हजार रुपये का चालान किया। साथ ही उसकी कार को सीज करके हिदायत दी है।
रविवार सुबह यातायात पुलिस को सूचना मिली थी कि एक लग्जरी कार नुमाइश चौराहे की ओर से लाल-नीली बत्ती और विधायक का पास लगाकर घूम रही है। सूचना पर पुलिस ने नौरंगाबाद चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान कार को रोक लिया। कार पर लाल-नीली बत्ती, हूटर और विधायक लिखा फर्जी पास मिला। जब चालक से दस्तावेज और अनुमति मांगी गई, तो वह कुछ भी दिखा नहीं सका। वाहन का नंबर यूपी 16 एबी 2240 बताया गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार को सीज कर कोतवाली में दाखिल करा दिया। वाहन स्वामी पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यातायात पुलिस प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि लाल-नीली बत्ती, हूटर और वीआईपी प्रतीकों के अवैध उपयोग के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति ऐसे प्रतीकों का इस्तेमाल करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।